सड़कों से ही संभव है देश का विकास-सीएम फडणवीस

Development of the country is possible only by roads - CM Fadnavis
सड़कों से ही संभव है देश का विकास-सीएम फडणवीस
सड़कों से ही संभव है देश का विकास-सीएम फडणवीस

डिजिटल डेस्क,परभणी । मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अच्छी सड़कों के निर्माण से ही देश का विकास होगा। सड़कें बनती हैं तो उद्योग और रोजगार का निर्माण होता है। इस दिशा में केंद्र व राज्य सरकार प्रयासरत है। फडणवीस शहर के स्टेडियम मैदान में 3200  करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों के ई-भूमिपूजन के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने 67 वर्षों में जहां केवल 5000 किलोमीटर के राष्ट्रीय महामार्ग बनाए, वहीं हमारी सरकार ने साढ़े तीन वर्ष में ही 15 हजार किमी के राष्ट्रीय महामार्ग बना दिए हैं। हमारे केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी मानते हैं कि सड़कों से ही देश की प्रगति संभव है, इसीलिए वह इस दिशा में विशेष प्रण लेकर जुटे हैं। 

शहीद मुस्तापुरे के परिवार को दिया 25 लाख का चेक  
कार्यक्रम के प्रारंभ में शहीद जवान शुभम मुस्तापुरे को श्रद्धांजलि दी गई।  गणमान्य व्यक्तियों के हाथों शहीद मुस्तापुरे परिवार को 25 लाख रुपए का धनादेश सौंपा गया। 

महिला कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी  
परभणी में मुख्यमंत्री फडणवीस के कार्यक्रम के दौरान स्वाभिमानी किसान संगठन की महिला कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए मंच की ओर जाने का प्रयास किया। इससे कुछ समय के लिए तनाव व्याप्त हो गया। कार्यक्रम में जब मुख्यमंत्री भाषण के लिए खड़े हुए तो स्वाभिमानी किसान संगठन की महिला आघाड़ी की प्रदेशाध्यक्ष रसिका ढगे और शर्मिला येवले ने जोरदार नारेबाजी करते हुए मंच की ओर दौड़ लगाई। सुरक्षा रक्षकों ने उन्हें रोका और बाहर ले गए। बाद में मुख्यमंत्री फडणवीस ने महिलाओं से भेंट कर उनकी समस्याओं का निपटारा करने का आश्वासन दिया। 

साढ़े छह करोड़ से बनाएंगे 10 राष्ट्रीय महामार्ग : गडकरी 
केंद्रीय परिवहन व जलसंपदा मंत्री नितीन गडकरी ने कहा कि देश की प्रगति के लिए जल, अच्छी सड़कों, बिजली आपूर्ति तथा यातायात व्यवस्था का जाल बिछाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार हरसंभव प्रयास कर रही हैं। परभणी की सड़कों के विकास के लिए 26.75 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने उक्त कार्यों के लिए राज्य में पांच लाख करोड़ रुपए के खर्च का लक्ष्य रखा है, इसमें से अकेले मराठवाड़ा में एक लाख करोड़ रुपए विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किए जाएंंगे।

सड़क निर्माण के लिए 6353 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इस निधि से 10 राष्ट्रीय महामार्गों का निर्माण होगा। महाराष्ट्र में जल किल्लत को दूर करने के लिए 170 बांध बनाए जाएंगे, जिसमें परभणी जिले के लिए नौ बांध मंजूर किए गए हैं। परभणी बायपास मार्ग के लिए 552.80 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। जिले में निम्र दुधना, आडगांव, येलदरी आदि प्रकल्पों के लिए केंद्र सरकार 25 प्रतिशत तथा नाबार्ड द्वारा 75 प्रतिशत ऋण मंजूर कर जल प्रकल्पों का कार्य दो वर्षों में पूरा किया जाएगा।
 

Created On :   20 April 2018 7:08 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story