2 लाख का इनामी खूंखार नक्सली गिरफ्तार

Dreaded Naxalite arrested with a reward of 2 lakhs
2 लाख का इनामी खूंखार नक्सली गिरफ्तार
गड़चिरोली 2 लाख का इनामी खूंखार नक्सली गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क,गड़चिरोली। जिला पुलिस के सी-60 कमांडोस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। विशेष अभियान दल के जवानों ने अहेरी तहसील के पेरमिली जंगल परिसर में नक्सली खोज मुहिम के दौरान 2 लाख इनामी एक खूंखार नक्सली को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली का नाम भामरागढ़ तहसील के विसामुंड़ी निवासी मंगरू कटकु मडावी बताया गया है। एक सप्ताह पूर्व ही गत सोमवार को जवानों ने एटापल्ली तहसील के गट्टा (जांभिया) क्षेत्र में नक्सली खोज मुहिम के दौरान नक्सलियों के एक्शन टीम के सदस्य 2 लाख इनामी नक्सली अजय हिचामी (30) को गिरफ्तार िकया। लगातार हो रहीं नक्सलियों की गिरफ्तारी के चलते अब नक्सल आंदोलन पूरी तरह बैकफुट पर दिखायी दे रहा है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल ने बताया कि, गिरफ्तार नक्सली मंगरू मडावी सर्वप्रथम पेरमिली दलम में सदस्य पद पर शामिल हुआ। जहां उसे एक्शन टीम के सदस्य के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गयी। उसने प्रतिबंधित दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संगठन में वरिष्ठ सदस्य के रूप में भी कार्य किया है। वर्ष 2021 में एटापल्ली तहसील के बुर्गी पुलिस मदद केंद्र के तहत उपसरपंच रामा तलांडी की हत्या में उसका सक्रिय सहभाग था। साथ ही बुर्गी थाने पर किये गये हमले में भी वह शामिल था। जिले के विभिन्न पुलिस थानाें में उसके खिलाफ 3 हत्या, 1 मुठभेड़ ऐसे 4 गंभीर अपराध दर्ज है। महाराष्ट्र सरकार ने उस पर 2 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था। मंगरू से पूछताछ के दौरान नक्सली आंदोलन से जुड़ी और खुफिया जानकारी मिलने की उम्मीद पुलिस अधीक्षक गोयल ने व्यक्त की है। पत्र परिषद में पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल के साथ अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सोमय मुंडे, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) समीर शेख, अहेरी के अपर पुलिस अधीक्षक अनुज तारे प्रमुखता से उपस्थित थे।

Created On :   19 Oct 2021 10:16 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story