खराब मौसम : अंतरराष्ट्रीय विमान नागपुर डायवर्ट, जब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर थमीं 168 यात्रियों की सांसें

Due to Bad weather international flight diverted to Nagpur
खराब मौसम : अंतरराष्ट्रीय विमान नागपुर डायवर्ट, जब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर थमीं 168 यात्रियों की सांसें
खराब मौसम : अंतरराष्ट्रीय विमान नागपुर डायवर्ट, जब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर थमीं 168 यात्रियों की सांसें

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सोमवार को दिल्ली का मौसम खराब होने के कारण वहां अंतरराष्ट्रीय विमान को उतरने की अनुमति नहीं मिली। काफी समय आसमान में चक्कर लगाने के बाद विमान को नागपुर डायवर्ट कर दिया। यहां उतरने के करीब 2 घंटे बाद दिल्ली का मौसम सही होने पर विमान ने फिर दिल्ली के लिए उड़ान भरी। उत्तर भारत में मौसम काफी खराब चल रहा है। उसका असर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ रहा है। विमानों में देरी और डायवर्ट की स्थिति बन रही है। सोमवार स्काई दुबई नास के विमान (क्रमांक 431) ने दुबई के अंतरराष्ट्रीय विमानतल से उड़ान भरी थी। उसे दिल्ली पहुंचना था, लेकिन सोमवार की दोपहर दिल्ली का मौसम अधिक खराब होने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने विमान को उतरने की अनुमति नहीं दी। इस दौरान विमान दृश्यता में सुधार होने तक आसमान में चक्कर लगाता रहा। काफी समय बाद भी मौसम में कोई सुधार नहीं हुआ, तो एटीसी ने विमान को नागपुर डायवर्ट कर दिया। दोपहर 12.30 बजे उस विमान को नागपुर में उतारने के लिए एटीसी से अनुमति ली गई। इसके बाद स्काई दुबई के विमान को नागपुर विमानतल पर उतारा गया। करीब 2 घंटे बाद दिल्ली से खबर आई कि विमान को उतारने लायक यहां आवश्यक दृश्यता हो गई है। विमान ने दोपहर करीब 2.30 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी।

 

दिल्ली के दो विमान रद्द कई में देरी

मौसम के चलते पिछले कुछ दिनों से लगातार दिल्ली के विमानों को रद्द करने सिलसिला जारी है। बुधवार को दिल्ली से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 774 को रद्द कर दिया गया। वहीं दिल्ली, मुंबई, पुणे और बंगलुरु के विमानों में देरी दर्ज की गई। सर्दी के चलते लगातार मौसम खराब चल रहा है। सोमवार को दिल्ली के दो विमानों को रद्द कर दिया गया जबकि दिल्ली, रायपुर और पुणे से वाले विमानों में देरी दर्ज की गई। इससे उनकी आगे की उड़ानें भी प्रभावित हुईं।  जानकारी के अनुसार,  दिल्ली से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 436 और 221 को सोमवार को मौसम खराब होने के चलते रद्द कर दिया गया। वहीं, पुणे से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 284 देर रात 2.15 बजे से 45 मिनट देरी से, दिल्ली से आने वाला गो एयर का विमान क्रमांक 615 सुबह 7.50 बजे से 3 घंटा देरी से, रायपुर से आने वाला एयर इंडिया का विमान क्रमांक 469 सुबह 8.10 बजे से 1.15 घंटा देरी से, दिल्ली से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 135 दोपहर 12 बजे से डेढ़ घंटा देरी से, पुणे से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 134 दोपहर 12.25 बजे से 45 मिनट देरी से और दिल्ली से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 403 शाम 5.30 बजे से आधा घंटा देरी से डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर पहुंचने की जानकारी दी गई।

35 हजार फीट की ऊंचाई पर थमीं 168 यात्रियों की सांसें

बुधवार की रात इंडिगो का एक विमान मुंबई से सिंगापुर जा रहा था। विमान 35 हजार फीट की ऊंचाई पर एक हजार किलोमीटर की रफ्तार से उड़ान भर रहा था, तभी पायलट को विमान के इंजन से ईंधन के रिसाव की चेतावनी का अलर्ट मिला। 168 यात्रियों सहित स्टॉफ की सांसें थम गईं। जानकारी के अनुसार, मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय विमानतल से इंडिगो के विमान (क्रमांक 019) ने मंगलवार-बुधवार की रात 2.12 मिनट पर सिंगापुर के चांगी विमानतल के लिए उड़ान भरी थी। रात करीब 2.55 बजे विमान जब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर 966 (522 केनोट) किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से उड़ान भर रहा था, तभी इंजन से ईंधन के रिसाव का अलर्ट पायलट को मिला। पायलट ने तत्काल रडार से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। उस समय विमान नागपुर के रडार क्षेत्र में था। विमान को नागपुर विमानतल पर उतारने के निर्देश दिए गए। विमान में क्रू मेंबर ने अनाउंस कर बताया कि विमान के इंजन से ईंधन का रिसाव हो रहा है, इस वजह से हम नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कर रहे है। विमान में सवार 168 यात्रियों की धड़कनें बढ़ गईं। रात करीब 3:30 बजे विमान को नागपुर विमानतल पर सकुशल उतारा गया तो यात्रियों की जान में जान आई। अंतरराष्ट्रीय विमान होने के कारण यात्रियों को विमान में ही बैठे रहना पड़ा। करीब तीन घंटे बाद सुबह 6.30 बजे हैदराबाद से इंडिगो का एक खाली विमान आया, जिसमें यात्रियों को बैठाया गया और उनका सामान रखा गया। सुबह करीब 9.10 बजे एक बार फिर विमान ने सिंगापुर के िलए उड़ान भरी। खराब विमान नागपुर विमानतल पर ही खड़ा है। उसकी जांच की जा रही है।

विमान में एयरबस ए320-271 एन का इंजन

इंडिगो के ए320 विमानों में लगातार खराबी देखने को मिल रही है। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने विमानों को सुधारने और बदलने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को इंडिगो का जो विमान खराब हुआ, उसमें एयरबस ए320-271 का इंजन था।

Created On :   1 Jan 2020 4:19 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story