- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- गोली मारकर बेटी की हत्या करने वाला...
गोली मारकर बेटी की हत्या करने वाला पिता गिरफ्तार
डिजिटल डेस्क सतना। बरौंधा थाना क्षेत्र के केल्हौरा गांव में पत्नी से विवाद के दौरान लायसेंसी बंदूक से गोली मारकर बेटी की हत्या करने वाले आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस वारदात के बाद आरोपी अखिलेश्वर सिंह उर्फ अंकलेश्वर उर्फ दीप पिता भागवत सिंह बघेल (50) के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 302, 30 आयुध अधिनियम के तहत कायमी कर पुलिस ने रविवार को घेराबंदी कर केल्हौरा से दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 12 बोर की लायसेंसी बंदूक और 19 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
घटनाक्रम एक नजर में
गौरतलब है कि प्राइवेट गनमैन की नौकरी करने वाले अखिलेश्वर सिंह बघेल का 5 सितंम्बर को सुबह पत्नी से झगड़ा शुरू हुआ, दिन भर बहसबाजी चलती रही। बात बढ़ते-बढ़ते मरने-मारने पर पहुंच गई। तभी अपरान्ह सवा 3 बजे अखिलेश्वर ने 12 बोर की लायसेंसी बंदूक निकालकर पत्नी पर तान दिया। यह देखकर दोनों बेटे बीच-बचाव के लिए दौड़े तभी रसोई से बर्तन लेकर बेटी शुभी सिंह बघेल भी बाहर निकलने लगी, तभी आरोपी ने फायर कर दिया, लेकिन गोली पत्नी को न लगकर पीछे से आ रही बेटी के सीने में जा धसी जिससे युवती चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ी। गोली लगने के बाद आरोपी समेत मां और भाईयों के हाथ-पैर फूल गए, शुभी को आनन-फानन मझगवां अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर विकास सिंह ने देखते ही मृत घोषित कर दिया था।
Created On :   7 Sep 2020 9:39 AM GMT