पूर्व विधायक अजय चौरे भाजपा में शामिल हुए

Former MLA Ajay Chaure joins BJP
पूर्व विधायक अजय चौरे भाजपा में शामिल हुए
पूर्व विधायक अजय चौरे भाजपा में शामिल हुए

- भोपाल में ली भाजपा की सदस्यता, कहा- कांग्रेस अपने ही नेताओं के बोझ में दबी
डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा।
प्रदेश में सरकार गिरने से लेकर उपचुनाव और अब बाद में भी कांग्रेस में चला चली की बेला थम नहीं पा रही है। शुक्रवार को भोपाल में पूर्व मंत्री स्व. रेवनाथ चौरे के पुत्र व सौंसर के वर्तमान कांग्रेस विधायक विजय चौरे के भाई पूर्व विधायक अजय चौरे ने कांग्रेस का साथ छोड़ दिया।  प्रदेश में तख्तापलट करने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता व राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में उन्होंने सीएम हाउस पहुंचकर सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के समक्ष भाजपा ज्वाइन की। संतरांचल में कांग्रेस के कद्दावर नेता माने जाने वाले अजय चौरे के पार्टी छोडऩे से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। दैनिक भास्कर से चर्चा में पूर्व विधायक अजय चौरे ने कहा कि कांग्रेस अब बची नहीं है। वह अपने ही नेताओं के बोझ से दब गई है। 24 साल से वहां एक ही पदों पर नेता जमे हुए हैं। भाजपा की रीति नीति और शिवराज सिंह चौहान व ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में सरकार बेहतर काम कर रही है। जिले में भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू शानदार काम कर रहे हैं। श्री चौरे ने कहा कि वे पद, पैसा या बिजनेस के लिए भाजपा में शामिल नहीं हुए हैं बल्कि एक कार्यकर्ता के रूप में शामिल हुए हैं। आगे जो भी जिम्मेदारियां दी जाएंगी उसे निभाने का प्रयास करेंगे। अजय चौरे विधानसभा में टिकट के प्रबल दावेदार थे। उन्हें प्रत्याशी न बनाकर कांग्रेस ने उनके छोटे भाई विजय चौरे को मैदान में उतारा था। कहा जा रहा है कि तब से ही अजय चौरे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से नाराज चल रहे थे।  
कांग्रेस का साथ छोडऩे और भी हैं कतार में:
पिछले एक साल में कांग्रेस के 22 विधायकों समेत प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में यह पहला मौका है जब कोई बड़ा चेहरा कांग्रेस की दहलीज को लांघ पाया है। सूत्रों की माने तो यह शुरूआत है। आगे और भी चेहरे हैं जो भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इनमें विधायक, ओबीसी का बड़ा चेहरा माने जाने वाले एक वरिष्ठ नेता, एक वरिष्ठ महिला नेत्री के नाम को लेकर भी इसी तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
विधायक चौरे ने कहा- बड़े भाई का भाजपा में प्रवेश दुर्भाग्यपूर्ण:
किसी के कांग्रेस छोडऩे से कांग्रेस कमजोर नहीं होती। मेरा पूरा परिवार पूर्व से कांग्रेस की रीति नीति से पार्टी के साथ रहा है। मेरे पिता स्व. रेवनाथ चौरे जीवन के अंत तक कांगे्रस में रहे। कांग्रेस की जड़े गहरी हैं, कोई उसे कमजोर नहीं कर सकता। पार्टी में रहकर जीवन में कोई पद नहीं मिलने से पार्टी छोडऩा समझ आता है, लेकिन पूर्व में विधायक का पद मिलने के बाद भी बड़े भाई अजय चौरे का पार्टी छोडऩे का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है।
 

Created On :   12 Dec 2020 12:32 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story