मुख्यमंत्री के जिले में बढ़ा हत्याओं का ग्राफ, ढाई महीने में हुई 15 हत्याएं 

Graph of murders increased in Chief Ministers district, 15 murders took place in two and a half months
मुख्यमंत्री के जिले में बढ़ा हत्याओं का ग्राफ, ढाई महीने में हुई 15 हत्याएं 
ठाणे मुख्यमंत्री के जिले में बढ़ा हत्याओं का ग्राफ, ढाई महीने में हुई 15 हत्याएं 

डिजिटल डेस्क, ठाणे । राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ठाणे जिले में अपराधों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है जो कि एक चिंता का विषय बना हुआ है। ठाणे पुलिस आयुक्तालय सीमा में पिछले ढाई महीनों में 15 हत्याएं हुई हैं। इनमें से चार अपराध जनवरी में दर्ज किए गए हैं। हालांकि फरवरी में हत्या के मामलों में इजाफा हुआ है और फरवरी माह में हत्या के 11 मामले दर्ज किये गये हैं। जबकि 15 मार्च तक एक भी हत्या नहीं हुई। इस प्रकार ढाई माह में हत्या के 15 और हत्या के प्रयास के 19 मामले दर्ज किए गए हैं। ठाणे पुलिस आयुक्तालय में हर महीने दर्ज होने वाले अपराधों की संख्या बहुत बड़ी है। वहीं, दूसरी ओर अपराधियों और अपराधों की गुत्थी को सुलझाने के  दर में कोई वृद्धि नहीं हुई है। नतीजतन कई आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं। इतना ही नहीं ठाणे पुलिस आयुक्तालय की सीमा में दिनदहाड़े चोरों द्वारा महिलाओं के गले से सोने की चेन खींचने, लोगों के घरों में घुसकर सेंधमारी करने के आलावा कार में सामान चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाएं चरम पर हैं। जिले में धोखाधड़ी, अपहरण व अन्य अपराधों का ग्राफ भी ऊपर चढ़ने लगा है। ऐसे में  सांस्कृतिक नगरी ठाणे सहित अन्य शहरों में भी हत्या, हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध होते देखे जा रहे हैं। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। पिछले महीने ठाणे में शिवसेना के विभाग प्रमुख रवींद्र परदेशी की चॉपर से हत्या कर दी गई थी। यह हत्या व्यस्त जांबली नाका इलाके में हुई थी और हत्या की जांच के बाद पुलिस ने तुरंत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि इस घटना से शहर में चर्चा शुरू हो गई है कि थाने से कुछ दूरी पर हत्या की घटना होना बेहद गंभीर मामला है। पूरे पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में जनवरी से अब तक कई हत्याएं हो चुकी हैं।

राजनितिक दल भी हुए मुखर 

वहीं राजनीतिक दल भी मुखर हो गए हैं और आरोप लगा रहे हैं कि हत्या की घटनाओं के कारण कानून व्यवस्था बाधित हुई है। आरोप लगाया जा रहा है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं है। ठाणे शहर में हुई हत्या की घटनाओं के बाद कुछ दिन पहले एनसीपी नेता और विधायक जितेंद्र आव्हाड ने आरोप लगाया था कि शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति तीन बजे है. आव्हाड ने कहा था कि शहर में गैंगस्टर खुलेआम घूम रहे हैं।

सिर्फ 56 फीसदी अपराधों की हो पाई जांच 

जनवरी में एक हजार 67 मामले दर्ज किए गए हैं और उनमें से 57 प्रतिशत यानी 609 मामले सुलझाए गए हैं। इस तरह फरवरी में 960 मामले दर्ज किए गए और पुलिस 536 मामलों को सुलझाने में कामयाब रही। उस महीने में अपराधों का पता लगाने की दर 56 प्रतिशत है।

अपराध पर लग गया है अंकुश : पुलिस

ठाणे के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अधिकांश हत्याएं आपसी रंजिश के कारण हुई हैं। पुलिस ने अपराधियों पर अंकुश लगा दिया है। परिणामस्वरूप मार्च महीने में कोई भी घटना नहीं घटी है। भविष्य में ठाणे को पुलिस अपराध मुक्त कर देगी। पुलिस के दावे में कितना दम है यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
 

Created On :   27 March 2023 10:22 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story