हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड, कास्टिंग डायरेक्टर गिरफ्तार

High profile sex racket busted, casting director arrested
हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड, कास्टिंग डायरेक्टर गिरफ्तार
हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड, कास्टिंग डायरेक्टर गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर में बॉलीवुड से जुड़े एक और हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए मुंबई पुलिस की समाजसेवा शाखा ने 32 साल के कास्टिंग डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के चंगुल से जिन दो लड़कियों को छुड़ाया गया है उसमें से एक ने अक्षय कुमार की हालिया रिलीज फिल्म गुडन्यूज में छोटी सी भूमिका भी निभाई है। आरोपी ने लड़की के लिए 60 हजार रुपए में सौदा किया था।

गिरफ्तार आरोपी का नाम नवीन कुमार आर्या है। छानबीन के दौरान पुलिस को आरोपी के मोबाइल से बड़ी संख्या में लड़कियों की तस्वीरें और नंबर मिलें हैं। शक है कि और लड़कियां भी आरोपी के चंगुल में थीं और देह व्यापार के लिए इस्तेमाल की जा रहीं थीं। दरअसल पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपी मोटी रकम लेकर मॉडलिंग और बॉलीवुड में काम करने वाली लड़कियों को वेश्या व्यवसाय के लिए भेजता था। इसके बाद सीनियर इंस्पेक्टर संदेश रेवले की अगुआई में पुलिस की टीम ने मंगलवार रात जाल बिछाया। एक फर्जी ग्राहक के जरिए आरोपी से संपर्क किया गया।

आरोपी ने देह व्यापार के लिए हामी भरी और कहा कि लड़की के हिसाब से पैसे देने पड़ेंगे। 60 हजार रुपए में सौदा तय होने के बाद अंधेरी के वर्सोवा इलाके में स्थित एक कॉफी शॉप में आर्या दो लड़कियों को लेकर आया यहां पुलिस ने उसे दबोच लिया। पकड़ी गईं दोनों महिलाएं मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। दोनों लड़कियां मॉडलिंग करतीं हैं। इसके अलावा एक लड़की ने अक्षय कुमार, करीना कपूर अभिनित फिल्म गुडन्यूज में छोटी सी भूमिका भी निभाई है।

रिहा कराई गई दूसरी लड़की बॉलीवुड में मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर भी काम करती है। यह लड़की दिल्ली में रहने वाले अश्विनी कुमार नाम के एक दलाल के संपर्क में थी। अश्विनी के संपर्क से ही वह मुंबई पहुंची थी। पुलिस मामले में अजय शर्मा और विजय नाम के दो और आरोपियों की तलाश कर रही है। कुछ दिनों में यह तीसरा मामला है जब बॉलीवुड से जुड़ा सेक्स रैकेट पकड़ा गया है। इससे पहले सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में अभिनेत्री अमृता धनोआ और मॉडल रिचा सिंह को गिरफ्तार किया गया था।    

Created On :   15 Jan 2020 12:57 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story