पौधे रोपेंगे तो तैयार होगा आने वाली पीढ़ी के लिए सुरक्षित वातावरण

पौधे रोपेंगे तो तैयार होगा आने वाली पीढ़ी के लिए सुरक्षित वातावरण



डिजिटल डेस्क जबलपुर। शुद्ध वायु, प्रदूषण मुक्त वातावरण और खूबसूरत प्रकृति... ये सब वृक्षों की देन है। पौधे लगाकर हर व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण में अपना सहयोग देना होगा, तभी आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित वातावरण प्रदान कर पाएँगे। कुछ ऐसा ही संदेश दैनिक भास्कर के पौधे अपने परिजन अभियान के जरिए मंगलवार को शहरवासियों ने दिया। अभियान के तहत प्रकृति प्रेमियों ने पौधे रोपकर उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी ली। मंगलवार को अभियान में विंध्या बिल्डर्स, ज्ञान प्रीति सेवा संस्थान, स्मॉल वंडर सीनियर सेकेंडरी और लिटिल किंगडम स्कूल शामिल हुए।
पौधे लगाना हर व्यक्ति का कर्तव्य-
ज्ञान प्रीति सेवा संस्थान के सदस्यों ने नेपियर टाउन में नीम का पौधा रोपा। संस्थान के अध्यक्ष पार्थ वेदांत मिश्रा ने कहा कि हर व्यक्ति को पौधे रोपने चाहिए। यह हर व्यक्ति का कर्तव्य है। पौधे लगाकर ट्री गाड्र््स भी लगाने चाहिए, ताकि पौधे सुरक्षित रूप से बड़े हो सकें। उन्होंने कहा कि दैनिक भास्कर के अभियान से जुड़कर वे बहुत खुश हैं। इस दौरान संस्थापक रमाकांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष पारूल मिश्रा व संस्था के सदस्य अमरीश मिश्रा, राजकुमार जोतवानी, अनुराग आनंद, प्रिंस आनंद, प्रीतम कौर और मानकुँबर बाई महिला महाविद्यालय की रासेयो प्रभारी डॉ. अरुणा और छात्राओं की उपस्थिति रही।
रोजाना पौधे लगाने की करेंगे कोशिश-
विंध्या बिल्डर्स, पाइन वैली के डायरेक्टर समीर कनाडे ने नीम का पौधा रोपा। उन्होंने कहा कि दैनिक भास्कर का यह अभियान काफी सराहनीय है। पौधे वाकई में हमारे परिजन हैं। वे हमें बुजुर्गों की तरह सुरक्षित रखते हैं, प्रचुर मात्रा में ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि वे इससे पहले भी बड़ी संख्या में पौधे लगा चुके हैं। आगे भविष्य में भी हर रोज एक पौधा लगाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने बताया कि ऐसे छोटे प्रयास प्रकृति के लिए अहम योगदान साबित हो सकते हैं। इस दौरान अनिल कनाडे, संदीप अग्रहरि, नवीन जैन, रोहित चौहटेल और अभिषेक जैन की उपस्थिति रही।
सभी समझें पौधों का महत्व-
प्रकृति की सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। यह बात पौधा रोपते हुए स्मॉल वंडर सीनियर सेकेंडरी स्कूल की डायरेक्टर पूनम अग्रवाल ने कही। उन्होंने कहा कि सभी को पेड़-पौधों का महत्व समझना जरूरी है। पेड़ों के अनेक लाभ हैं, वे हमें ऑक्सीजन देते हैं। बच्चों में भी पौधों के लिए अवेयरनेस जागे इसलिए पेरेन्ट्स को अपने बच्चों से पौधे लगवाने चाहिए, साथ ही उन्हें पौधों के महत्व के बारे में भी बताना चाहिए। इस दौरान संगीता ग्रोवर और अंजू भामरा की मौजूदगी रही।
पैंडेमिक के बाद समझी अहमियत-
पौधे अपने परिजन अभियान के अंतर्गत लिटिल किंगडम स्कूल की डायरेक्टर पलक तिवारी गायकवाड़ ने नीम का पौधा रोपा। उन्होंने कहा कि पैंडेमिक के बाद सभी ने प्रकृति की अहमियत समझ ली है कि यदि हम प्रकृति के खिलाफ जाएँगे तो बड़े नुकसान झेलने पड़ेंगे। खासतौर पर यह मौसम पौधारोपण के लिए सबसे बैस्ट है। आज पौधे लगाकर हम अपने बच्चों के लिए स्वस्थ वातावरण का निर्माण कर सकते हैं, जो कि भविष्य में परिजनों की तरह इनकी देखभाल करेंगे। इस दौरान लिटिल किंगडम स्कूल अधारताल रामनगर की हैडमिस्ट्रेस हिना रावल भी शामिल रहीं।

Created On :   3 Aug 2021 5:32 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story