झारखंड: लोहरदगा के बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

झारखंड: लोहरदगा के बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

डिजिटल डेस्क, लोहरदगा। रांची में लोहरदगा के बीजेपी नेता पंकज गुप्ता को दो अपराधियों ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। पंकज गुप्ता लोहरदगा जिला भाजपा के कोषाध्यक्ष थे। घटना रविवार सुबह करीब नौ बजे की है। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी बाइक से धुर्वा डैम की ओर फरार हो गए। यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। अपराधियों ने पंकज गुप्ता को तीन गोलियां मारी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। 

 

इलाके में सनसनी

सरेआम हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पहुंची नगड़ी थाने की पुलिस ने बीजेपी नेता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने पिस्का रेलवे फाटक के पास रांची-गुमला रोड को जाम कर दिया। स्थानीय लोगों ने करीब 11: 30  बजे तक सड़क को जाम रखी। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। ग्रामीण एसपी रेजी डुंगडुंग ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, इसके बाद लोगों ने जाम हटाया। 

 

 

अपराधियों ने मारी 4 गोलियां

घटना के बाद लोहरदगा से मृतक पंकज गुप्ता के परिजन व भाजपा नेता ओम सिंह, देवाशीष कार, अशोक खत्री समेत कई पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे। जानकारी के अनुसार, पंकज गुप्ता सुबह करीब 8.30 बजे रांची आने वाली ट्रेन से लोहरदगा से पहुंचे थे। पिस्का रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद वो होटल में चाय पीने के लिए पहुंचे। होटल के बाहर खड़े होकर वह चाय मिलने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच होटल के अंदर से दो अपराधी बाहर निकले और एक ने पिस्टल निकाल कर उनके सिर में पीछे से गोली मार दी।

 

 

इसके बाद दूसरे अपराधी ने उन पर तीन गोलियां चलाई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी पिस्टल लहराते हुए बड़े आराम से होटल के बाहर रखी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। इस दौरान वहां मौजूद लोग दहशत में खड़े रहे। घटना की जांच के लिए पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वॉयड को भी बुलाया। फोरेंसिक जांच के बाद शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के  लिए रिम्स भेज दिया गया।  
 


सीसीटीवी में कैद हुई घटना

पुलिस ने होटल के बाहर लगे सीसीटीवी से घटना का फुटेज प्राप्त कर लिया है। इसमें दोनों अपराधियों को होटल से बाहर निकलते हुए देखा गया है। बता दें कि लोहरदगा निवासी पंकज गुप्ता ने एक माह पूर्व ही  पिस्का स्टेशन के बगल में स्थित बस्ती में चार डिसमिल जमीन उपेंद्र महतो से एग्रीमेंट करायी थी। वह पिछले दो दिनों से जमीन की चहारदीवारी के लिए नींव खुदवा रहे थे। इसी काम के लिए वह रविवार को भी आए थे। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 


सीएम रघुवर दास ने जताया शोक 
 
इस घटना को लेकर झारखंड के सीएम रघुवर दास ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार करने का निर्देश डीजीपी को दिए हैं। सीएम ने रांची एसएसपी से फोन पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली है, इसके साथ ही कहा कि पार्टी हर स्तर पर पंकज गुप्ता के परिवार को मदद करेगी।

 

हत्या पर राजनीति भी हुई तेज

भाजपा नेता पंकज गुप्ता की हत्या पर राजनीति तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस ने इस घटना की तीखी निंदा करते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। पार्टी प्रवक्ता शमसेर आलम ने राज्य में गिरती विधि व्यवस्था की निंदा करते हुए कहा कि जब भाजपा राज में भाजपा नेता की हत्या हो रही है तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि राज्य में कैसी शासन व्यवस्था है। 

Created On :   12 March 2018 4:18 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story