'राम मंदिर उन्हीं की अगुवाई में बनेगा, जो 25 सालों से इसका झंडा उठाकर चल रहे हैं'

Karnatakas Udupi : RSS chief Mohan Bhagwat on Ram Janambhoomi
'राम मंदिर उन्हीं की अगुवाई में बनेगा, जो 25 सालों से इसका झंडा उठाकर चल रहे हैं'
'राम मंदिर उन्हीं की अगुवाई में बनेगा, जो 25 सालों से इसका झंडा उठाकर चल रहे हैं'

डिजिटल डेस्क, उडुपि। कर्नाटक के उडुपि में चल रही धर्मसंसद के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने अयोध्या राम मंदिर विवाद पर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि राम जन्मभूमि पर राम मंदिर बनना तय है और यह उन्हीं लोगों की अगुवाई में बनेगा, जो 20-25 सालों से इसके लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "अयोध्या में सिर्फ राम मंदिर बनेगा। वहां इसके अलावा कुछ और नहीं बन सकता। यह निर्माण उन लोगों की अगुवाई में बनेगा, जो पिछले 25 सालों से राम जन्मभूमि आंदोलन का झंडा उठाकर चल रहे हैं।"

संघ प्रमुख ने कहा, "हम राम मंदिर जरूर बनाएंगे। यह लोकलुभावन घोषणा नहीं बल्कि हमारी आस्था का सवाल है।" उन्होंने कहा, ‘राम जन्मभूमि का यह मामला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में है लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण किया जाएगा। हम अपने लक्ष्य को हासिल करने के बेहद करीब है और इस समय हमें ज्यादा सतर्क रहना होगा"।

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा आयोजित धर्म संसद के उद्घाटन भाषण में भागवत ने कहा, ‘राम मंदिर का निर्माण अब संभव लग रहा है। बरसों के संघर्ष और बलिदान के बाद यह मौका आया है।’ इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि राम जन्मभूमि पर पहले एक विशाल राम मंदिर था, जिसे तोड़कर मुगल शासक बाबर ने मस्जिद का निर्माण करवाया था। ठीक वैसा ही भव्य राम मंदिर फिर बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर निर्माण में उन्हीं पत्थरों का इस्तेमाल किया जाएगा जिन्हें इस उद्देश्य के लिए वहां रखा गया है।

बता दें कि अपने विश्वप्रसिद्ध मंदिरों के लिए जाने जाने वाले उडुपी शहर में चल रही धर्म संसद में देश भर से साधु-संतों, मठ प्रमुखों और विहिप के 2000 से ज्यादा प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। यह संसद 3 दिनों तक चलेगी। इसमें राम मंदिर, धर्म परिवर्तन और गोरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही जाति और लिंग के आधार पर भेदभाव खत्म करने पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। 

Created On :   24 Nov 2017 11:48 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story