मारपीट,छेड़छाड़, छीनाझपटी सहित जानिए नागपुर की वारदातें

Know the incidents of Nagpur including assault, molestation, snatching
मारपीट,छेड़छाड़, छीनाझपटी सहित जानिए नागपुर की वारदातें
क्राइम मारपीट,छेड़छाड़, छीनाझपटी सहित जानिए नागपुर की वारदातें

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर शहर में मारपीट, छेड़छाड़ , छीनाझपटी सहित क्राइम दिनों दिन बढ़ते ही जा रहा है। कपिल नगर क्षेत्र में लिव-इन-रिलेशनशिप में रहने वाले सफाईकर्मी द्वारा 36 वर्षीय महिला मित्र के चरित्र पर संदेह करने के मामले में पीड़िता की शिकायत पर सफाईकर्मी प्रणय गजभिये (32) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार प्रणय एक महिला के साथ करीब 5 साल से लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहा था। गत 18 सितंबर को प्रणय शाम करीब 5 बजे नशे की हालत में घर पहुंचा और फिर उसने पीड़िता के साथ मारपीट की। पीड़िता की मां को जब यह पता चला तो वह प्रणय से मिलने पहुंची और बेटी के साथ मारपीट करने का कारण पूछा। इससे नाराज प्रणय ने घर जाकर पीड़िता के साथ फिर मारपीट की।
 
पति को बुलाने घर से बाहर आई पत्नी से छेड़छाड़

छेड़छाड़ का प्रतिकार करने पर पिता-पुत्र सहित चार लोगों ने दंपति पर हमला बोल दिया। पिटाई करने के बाद उन पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। रविवार को देर रात एमआईडीसी थानांतर्गत हुई इस घटना से कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। प्रकरण दर्ज कर चारों आरोपियों को िगरफ्तार कर लिया गया है। 

विसर्जन के बाद आंगन में डांस कर रहा था
एमआईडीसी क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय व्यक्ति ने अपने घर में गणेश प्रतिमा बिठाई थी। घटना के दिन रात 11.30 बजे प्रतिमा विसर्जन के बाद वह घर में साउंड सिस्टम लगाकर आंगन में डांस कर रहा था। इस दौरान उसकी पत्नी उसे आवाज देने बाहर आई, तो पड़ोसी नरेश पूरन बावने (26) नामक युवक ने उसकी पत्नी को देखकर छींटाकशी की। इस बात पर पति-पत्नी का नरेश से विवाद हो गया। यह देख नरेश का भाई सुरेश (29), उसके पिता पूरन (55) और बादल मेश्राम (19) नामक युवक दंपति से भिड़ गए और पिटाई के बाद उन पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। देर रात प्रकरण दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच जारी है। 
 
युवती के पिता से मारपीट, ईंट से सिर फोड़ा

यशोधरा नगर इलाके में पुराने विवाद के चलते दो लोगों ने एक युवती के पिता से मारपीट की और उसका  ईंट के टुकड़े से सिर फोड़ दिया। यशोधरा नगर पुलिस ने आरोपी सोहेल उर्फ चांद और उसके दोस्त मामू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी फरार हैं। पुलिस के अनुसार वनदेवी नगर में एक युवती के साथ आरोपी सोहेल और मामू पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज कर रहे थे। इस दौरान युवती के पिता दाेनों आरोपियों समझाने गए तो आरोपियों ने पिता से गाली-गलौज की और आरोपी सोहेल ने ईंट के टुकड़े से पिता का सिर फोड़ दिया। आरोपी मामू ने मारपीट की।  घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। घायल की शिकायत पर सहायक पुलिस निरीक्षक  आर. पाटील ने मामला दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है

मामूली विवाद में दो लोगों पर हमला, प्रकरण दर्ज
मामूली विवाद में दो लोगों पर हमले की घटना रविवार की रात हुई। यशोधरा नगर और कलमना थाने में प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वृंदावन नगर निवासी शिवकुमार खांडेकर (30) रात 9.30 बजे घर के सामने मोबाइल पर बात कर रहा था, तभी शांति नगर निवासी प्रदीप (35) नामक व्यक्ति ने शिवकुमार पर चाकू से हमला कर दिया। शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरा घटना कलमना थानांतर्गत हुई। डिप्टी सिग्नल निवासी सुनील वर्मा (33) िमत्रों के साथ परिसर में एक धार्मिक स्थल के पास खड़ा था। बस्ती का विक्की शाहू (26) वहीं सिगरेट पी रहा था। उसे सिगरेट पीने से मना करने पर हुए विवाद में विक्की ने हाथ का कड़ा सुनील के नाक पर दे मारा। वह गंभीर घायल हो गया। 

ऑटो में बैठते ही मोबाइल छीनकर फरार
सीताबर्डी इलाके में घर जाने के लिए ऑटो में बैठे एक व्यक्ति की जेब से दोपहिया वाहन पर आए अज्ञात आरोपी मोबाइल छीनकर फरार हो गया।  पुलिस के अनुसार वैभव नगर, वानाडाेंगरी, एमआईडीसी निवासी हिरण संतोष शाह गत दिनों सीताबर्डी में वेरायटी चौक के पास घर जाने के िलए एक ऑटो में बैठा। इस दौरान दोपहिया वाहन पर आया एक अज्ञात आरोपी  उसकी जेब से मोबाइल छीनकर फरार हो गया। सीताबर्डी पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज किया है। 

युवती को भेजे अश्लील मैसेज
युवती को अश्लील मैसेज भेजने वाले युवक के खिलाफ बर्डी थाने में सोमवार को प्रकरण दर्ज िकया गया। पीड़ित 20 वर्षीय युवती है। आरोपी अनिरुद्ध शर्मा (27), सदर निवासी है। पीड़िता और आरोपी एक -दूसरे को पहचानते हैं। 18 अगस्त से 20 सितंबर के बीच में अनिरुद्ध ने वॉट्सएप पर अश्लील मैसेज भेजे। बार-बार समझाने के बाद भी अनिरुद्ध अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आखिरकार मामला थाने पहुंचा। जांच जारी है। 

शिवसेना के दो पदाधिकारियों में विवाद
कपिल नगर क्षेत्र में शिवसेना के  दो पदाधिकारी आमने सामने आ गए। एक का नाम मनोज शाहू और दूसरे का नाम ओमप्रकाश उर्फ ओमी यादव बताया जा रहा है। मामला कपिल नगर थाने पहुंचा। इस बारे में पता चलने पर उपायुक्त नीलोत्पल भी थाने पहुंचे। शिवसेना के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे। पदाधिकारियों की सूझबूझ से दोनों पदाधिकारियों का मामला सुलझ गया।  उपायुक्त के अनुसार किसी प्लॉट पर बोर्ड लगाने की बात को लेकर दोनों आमने-सामने आ गए थे।

युवक को लूटकर आरोपी फरार
कलमना थानांतर्गत नवीन नगर निवासी मोहन रात्रे (17) रविवार की रात अपने दोपहिया वाहन (एम.एच.-40-ए.जे.-5618) से कहीं जा रहा था। पाहुनगांव रोड पर तीन आराेपियों ने उसे रोका और जान से मारने की धमकी देकर वाहन, मोबाइल और नकद 500 रुपए, ऐसे कुल 17 हजार 500 रुपए का माल लूटकर भाग गए। घटना की शिकायत दर्ज की गई है।

Created On :   21 Sep 2021 9:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story