- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- लॉकडाउन : राष्ट्रवादी नेता फुसे...
लॉकडाउन : राष्ट्रवादी नेता फुसे सहित तीन गिरफ्तार, युवक को ला रहे थे बिना अनुमति

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लॉकडाउन के चलते पड़ेसी राज्यों की सीमाओं को सील किया गया है। मध्यप्रदेश के एक युवक को बिना पुलिस अनुमति के नागपुर लाने का प्रयास कर रहे राष्ट्रवादी नेता धनराज फुसे सहित तीन आरोपियों को केलवद पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस बात से बौखलाए फुसे ने चेकपोस्ट पर तैनात पुलिस अधिकारियों- कर्मचारियों पर रौब जमाने की कोशिश की, लेकिन उनकी कोई भी तरकीब काम नहीं आई। आरोपी धनराज फुसे , सूरज कुमरे और आशीष धुर्वे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोपी धनराज और सूरज पर आरोप है कि वह बिना अनुमति के आशीष धुर्वे को बार्डर पार करने की कोशिश कर रहे थे। एक बार फुसे को पुलिस ने जाने दिया था। उस समय उसने चेकपोस्ट पर तैनात पुलिस कर्मियों को बताया कि उसकी चेक पोस्ट से करीब 7 किलोमीटर दूर मध्यप्रदेश के अंदर खेती है। वहां काम करनेवाले मजदूरों के पास खानपान की सामग्री नहीं है। इंसानियत के नाते पुलिस ने उसे उस समय जाने दिया था। इस बार उसके पास तीन लोगों की अनुमति थी। वह मध्यप्रदेश जाते समय कार में सूरज के साथ गया, लेकिन वहां से नागपुर आते समय आशीष को लेकर आया, लेकिन उसके पास जो अनुमति पत्र था उसमें आशीष धुर्वे का नाम नहीं था। इसलिए पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की तो वह तिलमिला उठा।
आरोपी फुसे और उसके दोनों साथियों को केलवद पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय ने तीनों आरोपियों को जेल भेजने का आदेश दिया। आरोपी फुसे पर तीन में तीन प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। फुसे पर नागपुर के बेलतरोडी थाने सहित अन्य कुछ थानों में 11 प्रकरण दर्ज हैं। इस आरोपी ने बेसा क्षेत्र की एक नदी के किनारे की जमीन में भी घोटालेबाजी की है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंचने की खबर है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि आखिर आशीष को वह अवैध तरीके से क्यों लाने की कोशिश कर रहा था, जिन तीन लोगों के नाम पर उसने परमिशन निकाला था। वह तीसरा व्यक्ति कौन था, जिसकी जगह पर आशीष को नागपुर लाने की कोशिश फुसे कर रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार केलवद थाने से करीब 25 कि.मी मौजा खुर्सापार चेकपोस्ट में गत 26 अप्रैल को शाम करीब 7.45 बजे कलमेश्वर थाने के पुलिस उपनिरीक्षक शिवाजी विक्रम मुंडे सहयोगियों के साथ तैनात थे। यह चेक पोस्ट मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र की बार्डर पर है। इस चेक पोस्ट पर कोरोना संक्रमण के चलते वाहनों की जांच की जाती है। पुलिस अधिकारी मुंडे और सहयोगियों ने चेक पोस्ट पर राष्ट्रवादी नेता धनराज रमाजी फुसे (56) बेलतरोडी, नागपुर को कार में आते समय रोका। कार में सूरज मनोहर कुमरे (48) शामनगर, नागपुर और आशीष कन्हैयालाल धुर्वे (22) बजाज नगर, नागपुर निवासी भी सवार था।
जब धनराज फुसे इस चेक पोस्ट से मध्यप्रदेश गया था तब उसके पास तीन लोगों के जाने आने की पुलिस अनुमति थी। लेकिन जब वह मध्यप्रदेश गया तब कार में उसके साथ सूरज गया था। वहां से वह आशीष को लेकर नागपुर आ रहे थे। पुलिस ने चेकपोस्ट पर फुसे को कार रुकने का इशारा किया। वह चेक पोस्ट पर जांच के लिए रुकने के बजाय कुछ दूर आगे जाकर कार रोका। जब पुलिस ने उससे नागपुर जाने की अनुमति के बारे में पूछताछ की तो उसने पुलिस को अनुमति पत्र दिखाया। उस पत्र में आशीष धुर्वे के नाम की जगह किसी और नाम पर अनुमति दी गई थी, जो उस समय उनके साथ नहीं था। पुलिस ने फुसे से पूछताछ करने लगी। फुसे ने गालीगलौज शुरू कर दी। मुंडे से आरोपियों ने हाथापाई शुरू कर दी। आरोपियों ने मुंडे को जख्मी कर दिया। आरोपियों ने पुलिस वर्दी का नुकसान किया। पुलिस उपनिरीक्षक मुंडे ने आरोपी फुसे , सूरज और आशीष के खिलाफ केलवद थाने में धारा 353, 332, 427, 186, 294, 504, 506,34 व सहधारा 85 ,179, 184 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। प्रकरण की जांच पुलिस उपनिरीक्षक राठोड कर रहे हैं।
Created On :   28 April 2020 4:24 PM IST