शिर्डी में होगा महाराष्ट्र कांग्रेस का चिंतन शिविर, प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में फैसला  

Maharashtra Congresss contemplation camp to be held in Shirdi
शिर्डी में होगा महाराष्ट्र कांग्रेस का चिंतन शिविर, प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में फैसला  
महाराष्ट्र शिर्डी में होगा महाराष्ट्र कांग्रेस का चिंतन शिविर, प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में फैसला  

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उदयपुर चिंतन शिविर की तर्ज पर अब शिर्डी मे प्रदेश कांग्रेस का दो दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा। आगामी 1 व 2 जून को आयोजित होने वाले इस शिविर में पार्टी के सभी मंत्री, जिलाध्यक्ष व प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तिलक भवन में आयोजित प्रदेश कांग्रेस की विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक में यह फैसला लिया गया। 

बैठक के बाद पार्टी प्रभारी एच के पाटील ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि आज की बैठक में चिंतन शिविर को लेकर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि उदयपुर के नव संकल्प शिविर के सभी मुद्दे पार्टी के आम कार्यकर्ताओं तक पहुंचाए जाएंगे। पाटील ने बताया कि राज्य स्तरिय शिविर के 9 से 14 जून के दौरान जिलास्तरिय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर 9 से 15 अगस्त के दौरान 75 किलोमीटर की ‘आजादी गौरव यात्रा’ निकाली जाएगी। 

कर्नाटक के बाद महाराष्ट्र से बने सबसे ज्यादा कांग्रेस सदस्य

कांग्रेस के डिजीटल सदस्यता अभियान में 40 लाख सदस्य बनाए गए हैं। इसमें 10 लाख सदस्य मुंबई कांग्रेस और 30 लाख सदस्य प्रदेश कांग्रेस की तरफ से बनाए गए हैं। सदस्यता के मामले में महाराष्ट्र देश में दूसरे क्रमांक पर है। पहले क्रमांक पर कर्नाटक है, जहां 60 लाख सदस्य बनाए गए हैं। पाटील ने सदस्यता अभियान की सफलता के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप सहित पार्टी ने सांसदों-विधायकों की तारीफ की।

शिवसेना-राकांपा पर गोलमोल

राज्य में कांग्रेस के सहयोगी दल शिवसेना द्वारा कांग्रेस पर टिप्पणी और गोंदिया जिला परिषद चुनाव में राकांपा द्वारा भाजपा से हाथ मिलाने के सवाल पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने गोलमोल जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह सुरक्षित है। सरकार में शामिल दलों के बीच यदि कोई गलतफहमी पैदा होती है तो उसे दूर किया जाना चाहिए। जबकि गोंदिया जिला परिषद चुनाव को स्थानीय मामला बता कर पाटील इस पर ज्यादा बोलने से बचते नजर आए। उन्होंने कहा क स्थानीय निकाय चुनावों में गठबंधन को लेकर शिर्डी शिविर में चर्चा की जाएगी। 

तत्काल लागू होगा ‘एक व्यक्ति,एक पद’ फार्मूला 

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने बताया कि उदयपुर के चिंतन शिविर में पार्टी नेतृत्व ने यह फैसला लिया है कि एक ‘एक व्यक्ति, एक पद’ का फार्मूला लागू किया जाएगा। इस फैसले को महाराष्ट्र में भी तत्काल लागू करने का फैसला लिया गया है।     

 
 

Created On :   24 May 2022 6:22 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story