आसाराम के आश्रम में खड़ी कार में मिला लापता लड़की का शव
By - IANS News |8 April 2022 6:43 AM GMT
उत्तर प्रदेश आसाराम के आश्रम में खड़ी कार में मिला लापता लड़की का शव
डिजिटल डेस्क, गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में चार दिन पहले अपने घर से लापता हुई नाबालिग लड़की का शव शुक्रवार को दुष्कर्म के दोषी आसाराम के आश्रम में खड़ी एक कार से बरामद किया गया। कार पिछले कई दिनों से नगर कोतवाली क्षेत्र के बिमौर गांव स्थित आश्रम परिसर में खड़ी थी।
सुबह कार से बदबू आने पर आश्रम के कर्मचारियों ने गाड़ी खोली तो अंदर शव देखा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह हत्या का मामला है और शव को कार में छिपाकर रखा गया था। पुलिस और फोरेंसिक टीम आश्रम और कार की तलाशी ले रही है। आगे की जांच जारी है।
आईएएनएस
Created On :   8 April 2022 8:00 AM GMT
Next Story