10 दिनों में जिले के बाहर से आए 4112 से ज्यादा लोग किये गए क्वारेंटाइन!

More than 4112 people from outside the district were quarantined in 10 days!
10 दिनों में जिले के बाहर से आए 4112 से ज्यादा लोग किये गए क्वारेंटाइन!
10 दिनों में जिले के बाहर से आए 4112 से ज्यादा लोग किये गए क्वारेंटाइन!

डिजिटल डेस्क सिंगरौली (वैढऩ)। जिले में 31 मार्च तक 4112 लोगों को होम क्वारेंटाइन किया गया है। ये सभी लोग अपने परिवार के साथ अपने घरों में परिवार के साथ कैद हैं। यह बात सोमवार को मुख्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी एक जानकारी में सामने आयी है। इस जानकारी के अनुसार होम क्वारेंटाइन किये गये लोगों में देश के अलग-अलग राज्यों से आये लोगों के साथ विदेशों से आये लोग और प्रदेश के दूसरे जिले से आये लोग बड़ी संख्या में शामिल बताये जाते हैं। जबकि सोमवार को ही जिले के अलग-अलग बार्डर पर जिले के बाहर से आये लोगों की खासी भीड़ भी उमड़ी थी। इस भीड़ को जिले सीधे प्रवेश करने से बार्डर पर रोक दिया गया था। सभी की वहीं बार्डर पर ही स्क्रीनिंग कराई गई थी, लेकिन कोरोना के प्रदेश में बने संवेदनशील हालातों के मद्देनजर इन सभी लोगों को स्क्रीनिंग के बाद भी जिले में प्रवेश नहीं करने दिया गया है। इन सभी लोगों को बार्डर के समीप ही बनाये गये क्वारेंटाइन सेंटर्स पर ठहराया गया है। जानकारी के अनुसार बार्डर पर ही क्वारेंटाइन किये गये लोगों की कुल संख्या 153 है। ऐसे में 31 मार्च तक जिले में होम क्वारेंटाइन लोगों व मंगलवार को जिले के बार्डर पर रोके गये लोगों को मिलाकर क्वारेंटाइन की संख्या 4112 से ज्यादा पहुंच रही है। इन हालात से जिले में भी कोरोना को लेकर भय पैदा करने वाली स्थितियां भी झलकती है। 
सबसे ज्यादा लोग दूसरे राज्यों से आये
मुख्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार जिले में प्रदेश के अन्य जिलों से आये चिन्हित लोगों की संख्या 493 है। जबकि देश के दूसरे प्रदेशों से जिले में आये लोगों की चिन्हित संख्या 3602 बतायी जा रही है। जानकारी में बताया गया है कि इन सभी की स्क्रीनिंग हो चुकी है।
विदेश से आये लोगों की संख्या में इजाफा
कोरोना के मद्देनजर जिले में जब प्रशासन द्वारा अलर्ट जारी किया गया था, उस दौरान जिले में चिन्हित किये गये विदेश से आये लोगों की संख्या 12 बतायी जा रही थी। लेकिन अब मुख्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार जिले में विदेश से आये लोगों की संख्या बढ़कर 17 पर पहुंच गई है। जिसमें कुछ विदेशियों के भी होने की बात सामने आ रही है।
स्क्रीनिंग में आ रही समस्या
सोमवार के जिले के बार्डर एरिया में मुख्य रूप से निगरी-निवास, तेलगवां और खनहना में जिले के बाहर से आये लोगों की भीड़ पहुंची थी। जिसमें प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा सख्त निर्देश थे कि सभी की स्क्रीनिंग के बाद वहीं क्वारेंटाइन किया जाए। लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ज्यादातर बार्डर पर बने चेक पोस्टों पर जो लेजर थार्मामीटर दिया गया है, उसकी बैट्री खत्म होने की समस्या भी बनी रही। लॉक डाउन होने के कारण उन जगहों पर बैट्री की उपलब्धता नहीं हो पा रही थी, जिसके कारण ऐसे जगहों पर कुछ लोगों को बिना स्क्रीनिंग के ही क्वारेंटाइन में भेज दिया गया। इसके साथ ही ज्यादातर चेक पोस्टों पर सेनेटाइजर समेत अन्य आवश्यक सामग्रियों के अभाव की समस्याएं भी आये दिन बने रहने की बाते अभी भी सामने आती रहती हैं।
अन्य समस्याएं भी कम नहीं
बार्डर स्टेट का हो या फिर जिले का, इन सभी तरह के बार्डर पर इन दिनों सुरक्षा व स्क्रीनिंग व्यवस्था में तैनात किये जाने वाले लोगों में कई जगह ऐसे भी मामले सामने आये हैं, कि एक साथ हेल्थ व पुलिस विभाग द्वारा महिला कर्मचारियों की ड्य़ूटी लगा दी गई है। जिसके कारण कई बार सिर्फ महिलाओं के सहारे हर स्थिति को संभाल पाना मुश्किल हो जाता है। इसे लेकर ड्यूटी करते कर्मचारियों में नाराजगी भी रहती है और भयभीत भी रहते हैं कि कहीं कोई बड़ी चूक न हो जाए। हालांकि संवेदनशील माहौल के मद्देनजर ऐसे कर्मचारी सामने आने से कतराते हंै।
 

Created On :   1 April 2020 9:40 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story