- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- महाराष्ट्र के तीन विकलांग...
महाराष्ट्र के तीन विकलांग व्यक्तियों को राष्ट्रीय पुरस्कार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने मंगलवार को विकलांगता को मात देते हुए विभिन्न क्षेत्र में अपना मुकाम हासिल करने वाली महाराष्ट्र की तीन दिव्यांग व्यक्तियों और दिव्यांगों के लिए कार्यरत एक संस्था को राष्ट्रीय दिव्यांगजन पुरस्कार से सम्मानित किया। अंतरराष्ट्रीय विकलांग दिवस के अवसर पर केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से यहां के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में विभिन्न 14 श्रेणियों में विकलांग व्यक्तियों और संस्थाओं को कुल 65 पुरस्कार प्रदान किए। पुरस्कार पाने वालों में महाराष्ट्र के नवी मुंबई से वनिता अय्यर, महाबलेश्वर के डॉ भावेश भाटिया और मुंबई की मानसी जोशी तथा मुंबई के मालाड (पश्चिम) स्थित राइजिंग फ्लेम संस्था शामिल है। इनमें वनिता अय्यर को सर्वोत्कृष्ट दिव्यांग महिला कर्मचारी पुरस्कार, डॉ भाटिया को रोल मॉडल पुरस्कार और मानसी जोशी को सर्वोत्कृष्ट महिला खिलाडी का पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत, राज्यमंत्री रामदास आठवले, राज्यमंत्री रतनलाल कटारिया और विभाग की सचिव शकुंतला डोले गैमलीन मौजूद थे।
Created On :   3 Dec 2019 8:32 PM IST