रायपुर : एपीसी डॉ. गीता ने हार्टिकल्चर विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम का लिया जायजा : भाठागांव में अंतरवर्ती खेती का मुआयना

डिजिटल डेस्क, रायपुर। 29 सितंबर 2020 कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. एम. गीता ने आज दुर्ग जिले के सांकरा पाटन का दौरा कर वहां महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल 2 अक्टूबर गांधी जयंती के दिन 55 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले इस विश्वविद्यालय भवन के निर्माण की आधारशिला वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रखेंगे। इस अवसर पर दुर्ग कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भूरे, उद्यानिकी संचालक श्री माथेश्वरन वी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस. आलोक, संयुक्त संचालक श्री व्ही.के. चतुर्वेदी तथा उप संचालक उद्यानिकी श्री सुरेश ठाकुर उनके साथ मौजूद थे। कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. एम.गीता ने विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के पश्चात् ग्राम भाठागांव में उद्यानिकी विभाग द्वारा मनरेगा एवं जिला खनिज न्यास मद के अभिसरण से 20 एकड़ क्षेत्र में वृहद रूप में सामूहिक बाड़ी में रोपित मुनगा पौधरोपण का अवलोकन किया। यहाँ मुनगा पौधों की बीच महिला समूहों द्वारा अंतरवर्ती सब्जी एवं गेंदा फूल की खेती की जा रही है। कृषि उत्पादन आयुक्त ने महिला समूह के खेती की सराहना की और अन्य समूह की महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने मौके पर उन्होंने महिला समूह को उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
Created On :   30 Sept 2020 3:20 PM IST