संजय राऊत बोले - हास्यास्पद है राज का जाल में फंसाने की साजिश का बयान

Rajs statement of conspiracy to implicate him is ridiculous- Sanjay Raut
संजय राऊत बोले - हास्यास्पद है राज का जाल में फंसाने की साजिश का बयान
निशाना संजय राऊत बोले - हास्यास्पद है राज का जाल में फंसाने की साजिश का बयान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे पर महाविकास आघाड़ी की घटक दल शिवसेना और कांग्रेस ने तीखा निशाना साधा है। जबकि राकांपा ने राज को महत्व नहीं दिया है। रविवार को शिवसेना सांसद संजय राऊत ने कहा कि राज का जाल में फंसाने की साजिश करने वाला बयान काफी हास्यास्पद है। राज ने निराशा में बयान दिया है। उन्हें मानसिक इलाज की जरूरत है। राऊत ने कहा कि राज को भाजपा के सांसद बृजभूषण शरण सिंह के विरोध को नजरअंदाज करके आगे बढ़ना चाहिए था। उन्हें जाल में फंसाने की साजिश कौन करेगा? राऊत ने कहा कि महाराष्ट्र भाजपा ने राज के अयोध्या दौरे का समर्थन किया था। उत्तर प्रदेश में भाजपा की ही सरकार है। राज का अयोध्या दौरा भाजपा प्रायोजित था। ऐसे में राज को अयोध्या जाने से किसने रोका था ? राऊत ने कहा कि शिवसेना के हिंदुत्व को ढोंगी कहने वाले राज हिंदुत्ववादी कब से बन गए हैं? वे बताएं कि उन्होंने हिंदुत्व की शॉल को कब से ओढ़ा है? राऊत ने कहा कि राज को शिवसेना प्रमुख दिवंगत बालासाहब ठाकरे की विश्वसनीयता के बारे में नहीं बोलना चाहिए। बालासाहब की विश्वसनीयता के बारे में पूरा देश जानता है। राऊत ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का निजी आवास मातोश्री कोई धर्मशाला नहीं है। मातोश्री ने ही राज को भी बड़ा किया है। 

जबकि प्रदेश कांग्रेस महासचिव सचिन सावंत ने कहा कि राज ने जाल में फंसने की कहानी बताई है। लेकिन उन्हें भाजपा ने जाल में फंसाया है। सावंत ने कहा कि राज का कहना है कि यदि अयोध्या में जाते तो मनसे के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज करके उन्हें जेल में सड़ा दिया गया होता। लेकिन उत्तर प्रदेश में तो भाजपा की सरकार है तो राज का यह कहना चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार मनसे के लोगों को जेल में डालकर प्रताड़ित करती? सावंत ने कहा कि महाराष्ट्र भाजपा ने ही राज के खिलाफ उत्तर प्रदेश में रसद भेजी है। वहीं राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि मुझे राज के बारे में बोलकर उनका महत्व नहीं बढ़ाना है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी ने कहा कि राज डर के मारे अयोध्या में नहीं गए हैं। उन्होंने कहा कि राज सर्जरी कराने की बात कहकर बहानेबाजी कर रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा चंद्रकांत पाटील ने कहा कि राज का केवल भाजपा सांसद सिंह विरोध कर रहे थे। सिंह की निजी भूमिका थी। उनसे पार्टी से कोई लेना देना नहीं था। पाटील ने कहा कि राज का महाराष्ट्र भाजपा और उत्तर प्रदेश की भाजपा ने विरोध नहीं किया था। 

राज के खिलाफ पवार रसद भेज रहे थे- प्रकाश महाजन  

मनसे के नेता प्रकाश महाजन ने पार्टी अध्यक्ष राज ठाकरे के अयोध्या दौरे के विरोध को लेकर राकांपा अध्यक्ष शरद पवार के खिलाफ आरोप लगाए हैं। महाजन ने दावा किया कि महाराष्ट्र से पवार ही रसद आपूर्ति कर रहे थे। इस कारण ही राज का अयोध्या में विरोध हुआ। महाजन ने कहा कि पवार महाराष्ट्र कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं। जबकि राज का विरोध करने वाले उत्तर प्रदेश के भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं। सिंह ने एक बार कबूल किया था कि संसद में राकांपा सांसद सुप्रिया सुले उन्हें नाश्ता देती हैं। अब सिंह ने नमक खाने का फर्ज अदा किया है। महाजन ने कहा कि इस जाल में भाजपा का भी कुछ हाथ था। भाजपा में कुछ लोग उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को घेरना चाहते थे। क्योंकि यदि मनसे के लोग वहां जाते और कानून व्यवस्था बिगड़ती तो उसका ठिकरा योगी सरकार पर फूटता। महाजन ने कहा कि यदि राज अयोध्या में नहीं गए तो हिंदू नहीं रहेंगे क्या? 

 

Created On :   23 May 2022 9:57 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story