सलमान खान को मिला हथियार का लाइसेंस, मिल चुकी है जान से मारने की धमकी 

Salman Khan got arms license, has received death threats
सलमान खान को मिला हथियार का लाइसेंस, मिल चुकी है जान से मारने की धमकी 
सुरक्षा के मद्देनजर सलमान खान को मिला हथियार का लाइसेंस, मिल चुकी है जान से मारने की धमकी 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेता सलमान खान को मुंबई पुलिस ने हथियार का लाइसेंस जारी कर दिया है। सलमान ने इसी साल जून महीने में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकी मिलने के बाद हथियार के लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। कुछ दिनों पहले उन्होंने इस मामले में मुंबई पुलिस कमिश्नर विवेक फणसलकर से भी मुलाकात की थी। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों के पास जाकर फिजिकल वेरिफिकेशन भी कराया था। सलमान के लाइसेंस के लिए आवेदन के बाद फाइल आगे की कार्रवाई के लिए वे जिस इलाके में रहते हैं वहां से पुलिस उपायुक्त के पास भेजी गई थी। जिसमें सलमान के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच भी शामिल थी। 

वहां से मिली रिपोर्ट के आधार पर सलमान को उनकी सुरक्षा के मद्देनजर हथियार का लाइसेंस जारी करने का फैसला किया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक अभिनेता द्वारा भेजे गए एक व्यक्ति ने मुंबई पुलिस मुख्यालय में स्थित शस्त्र लाइसेंस विभाग से यह लाइसेंस हासिल किया। इसके अलावा अक्सर साइकल चलाते नजर आने वाले सलमान ने अपनी सुरक्षा के लिए बुलेट कार का भी इंतजाम किया है। उनके पास पहले से ही निजी सुरक्षा गार्ड भी हैं। मुंबई पुलिस ने भी उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई हुई है। इससे पहले 5 जून को सलमान के पिता सलीम खान बांद्रा बैंडस्टैंड पर स्थित जिस बेंच पर सुबह की सैर के बाद रोजाना बैठते हैं वहां एक धमकी भरी चिठ्ठी मिली थी। इस चिट्ठी में लिखा गया था कि उनका और उनके बेटे सलमान का हाल भी मूसावाला जैसा कर दिया जाएगा। बता दें कि पंजाबी गायक और कांग्रेसी नेता सिद्धू मूसेवाला की 29 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि वारदात बिश्नोई गैंग ने अंजाम दी थी। सलमान को बिश्नोई गिरोह से इससे पहले भी काले हिरण के शिकार के मामले में जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है।    

 

Created On :   1 Aug 2022 3:39 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story