जेब पर भारी पड़ेगी मुंबई-नागपुर समृद्धि महामार्ग से यात्रा

Travel on Mumbai-Nagpur Samridhi Highway will be heavy on the pocket
जेब पर भारी पड़ेगी मुंबई-नागपुर समृद्धि महामार्ग से यात्रा
26 टोल बूथ  जेब पर भारी पड़ेगी मुंबई-नागपुर समृद्धि महामार्ग से यात्रा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। समृद्धि महामार्ग के जरिए अपने वाहन से मुंबई से नागपुर की यात्रा करने वालों को 1212 रुपए टोल टैक्स देना पड़ सकता है। एक्सप्रेस वे पर प्रति किलोमीटर यात्रा के हिसाब से टोल वसूला जाएगा। फिलहाल हल्के निजी वाहनों के जरिए सफर करने वालों से 1.73 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से टोल वसूलने का प्रस्ताव है। इसके अलावा मुंबई से नागपुर तक जाने वाले हल्के व्यावसायिक वाहनों को 2.79 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से 1955 रुपए जबकि ट्रक, बस जैसे भारी वाहनों को मुंबई से नागपुर तक के लिए प्रति किलोमीटर 5.85 रुपए की दर से 4100 रुपए टोल टैक्स के रूप में चुकाने होंगे। राज्य सरकार ने मुंबई-नागपुर एक्सप्रेस वे का नाम ‘हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग’ रखा है।

महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) मुंबई से नागपुर के बीच 701 किलोमीटर की दूरी वाले एक्सप्रेस वे का निर्माण कर रहा है। एमएसआरडीसी के एक अधिकारी ने बताया कि अगर कोई मुंबई से नाशिक या औरंगाबाद तक ही जाएगा तो उसे प्रति किलोमीटर की दर से उतना ही टोल टैक्स देना होगा। एमएसआरडीसी के संयुक्त प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार के मुताबिक, सरकार के साथ विचार-विमर्श और मंजूरी के बाद इन दरों का प्रस्ताव रखा गया है लेकिन एक्सप्रेस वे के उद्धाटन के कुछ दिनों पहले ही इस पर आधिकारिक मुहर लग जाएगी। ज्यादा भारी वाहनों के लिए और टोल टैक्स देना पड़ेगा। निर्माण के लिए भारी सामान ले जाने वाले तीन एक्सएल के व्यावसायिक वाहनों के लिए 6.38 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से 4472 या 9.18 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से 6435 रुपए वसूलने का प्रस्ताव है। सात एक्सएल या उससे भारी व्यावसायिक वाहनों के लिए 11.17 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से 7830 रुपए वसूले जा सकते हैं। 

मुंबई-नागपुर के बीच होंगे 26 टोल बूथ  

मुंबई से नागपुर के बीच कुल 26 टोल बूथ होंगे। एमएसआरडीसी ने हाल ही में टोल वसूलने के लिए टेंडर मंगाए हैं। पूरे एक्सप्रेस वे को 20 विभागों में बांटा गया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि मुंबई-नाशिक के बीच वाहनों की सबसे ज्यादा भीड़ होगी। उम्मीद है कि 2025 तक मुंबई से नागपुर के बीच समृद्धि महामार्ग पर रोजाना डेढ़ लाख वाहन चलेंगे। इसके अलावा 23 वर्ग के वाहनों को वीआईपी की श्रेणी में रखा गया है, जिन्हें टोल नहीं चुकाना होगा। 

इस साल के अंत तक तैयार हो जाएगा महामार्ग

एमएसआरडीसी के मुताबिक, समृद्धि महामार्ग इस साल के अंत तक तैयार हो जाएगा जबकि नागपुर से औरंगाबाद के बीच यह मार्च या अप्रैल तक शुरू हो जाएगा। निर्माण से जुड़ा 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है। एमएसआरडीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई और नागपुर के बीच फिलहाल 26 हजार लोग हवाई जहाज और ट्रेन के जरिए रोजाना सफर करते हैं। उम्मीद है कि इनमें से 8 हजार लोग समृद्धि महामार्ग का इस्तेमाल करेंगे।

Created On :   20 Jan 2022 8:52 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story