लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे दो भाइयों ने पुलिस की ही कॉलर पकड़ी

Two brothers violating lockdown caught collar of police
लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे दो भाइयों ने पुलिस की ही कॉलर पकड़ी
लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे दो भाइयों ने पुलिस की ही कॉलर पकड़ी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कामठी में लॉकडाउन के दौरान पुलिस दल पर दो भाइयों ने हमला बोला। पुलिस की कॉलर पकड़ी और हाथापाई की। तनाव के बीच नई कामठी थाने में सरकारी काम में दखल देने का मामला दर्ज कर आरोपी भाइयों को गिरफ्तार किया गया। रविवार को अवकाशकालीन अदालत ने दोनों को जेल भेज दिया।

यह है पूरा प्रकरण

नई कामठी थाने की टीम शनिवार देर शाम दुर्गा सोसायटी में गश्त लगा रही थी। इस दौरान कुछ लोग मैदान में बैठे दिखे। पुलिस ने पहले लोगों को घरों में जाने के लिए अनाउंस किया, तो कुछ लोग निकल गए, लेकिन कुछ बैठे रहे। इस पर पुलिसकर्मी एक्शन में आए और लोगों को वहां से भगाना शुरू किया। दुर्गा सोसायटी में ही रहने वाला राकेश रामराव मुडे़ (30) अपने घर जाने की बजाय दूसरे के घर में जाकर बैठ गया। उसने मास्क भी नहीं बांधा था। समझाने के बाद भी राकेश टस से मस नहीं हो रहा था।

दबाव डालने पर गाली-गलौज कर घर के पीछे के रास्ते से भाग निकला। एक सिपाही ने उसका पीछा किया तो घर के सामने खड़ा राकेश का भाई कैलास रामराव मुडे (32) सिपाही से भिड़ गया। दोनों के बीच नोंक-झोंक होने लगी। इधर, बहुत देर तक सिपाही नहीं आया तो उपनिरीक्षक धोंगड़े पीछे की गली में पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि सिपाही को कुछ लोगों ने घेर रखा था। मुडे बंधु उससे विवाद कर रहे थे। यह देखकर उपनिरीक्षक धोंगडे ने भी समझाने का प्रयास किया, तो दोनों भाई उनसे भी भिड़ गए।

तैश में आकर दोनों भाईयों में से एक ने उपनिरीक्षक की कॉलर पकड़ ली। दोनों भाई गाली-गलौज करते हुए पुलिस के साथ हाथापाई करने लगे। यह देख भीड़ जमा हो गई। तनावपूर्ण माहौल के बीच दोनों भाईयों के खिलाफ सरकारी काम में दखल देने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार को अवकाशकालीन अदालत में पेश कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। हालांकि घटना को लेकर संदेह भी व्यक्त किया जा रहा है।

इसलिए बढ़ी हिम्मत 

आरोपी राकेश वाहन चालक है तथा कैलास सब्जी विक्रेता है। बताया जा रहा है कि करीब तीन चार वर्ष पहले राकेश ने ऐसी ही हरकत यातायात विभाग के पुलिस सिपाही के साथ भी की थी। बाद में मामले को समझा कर सुलझा लिया गया था। कार्रवाई नहीं होने से ही मुडे बंधुओं की हिम्मत बढ़ने की बात कही जा रही है।
 

Created On :   20 April 2020 5:41 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story