3 लोकसभा और 29विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान के हाल

BY-ELECTION 3 लोकसभा और 29विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान के हाल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली।  हरियाणा,राजस्थान, मध्यप्रदेश, और बिहार में उप चुनाव की सीटों पर मतदान सुबह सात बजे से ही स्टार्ट हो गया है। हिमाचल प्रदेश और मध्यप्रदेश में 3-3 विधानसभा जबकि बिहार और राजस्थान में 2-2 सीटों पर उप चुनाव हो रहा हैंष हिमाचल प्रदेश के मंडी और मध्यप्रदेश के खंडवा में लोकसभा सीटों पर उप चुनाव हो रहा है। 12 बजे तक MP में 35, राजस्थान में 30 और बिहार में 25 फीसदी वोटिंग हो चुकी है।

खण्डवा लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के दौरान बड़वाह में रिजर्व मतदान दल में शामिल शिक्षक दयाराम जाधव का हार्ट अटैक से निधन हो गया। शिक्षक जाधव बालक छात्रवास आश्रम सरवरदेवला में कार्यरत थे। वे बड़वाह में रिजर्व पार्टी में डयूटी पर गए थे। इसकी पुष्टि बड़वाह एसडीएम अनुकूल जैन की है। वहीं, खंडवा में बैतूल सांसद दुर्गादास उइके की गाड़ी का 1500 रुपए चालान काटा गया। गाड़ी में सांसद के ना होने से  उनका स्टाफ हूटर बजाकर जा रहा था। आचार संहिता के उल्लंघन पर यह कार्रवाई की गई है।

मध्यप्रदेश में खंडवा लोकसभा सीट पर 10 बूथों पर 15 मिनट के लिए मतदान प्रभावित रहा। EVM में आई परेशानी के कारण वोटिंग रोकनी पड़ी, हालांकि इस खराबी को जल्दी ही सही कर लिया गया। मध्यप्रदेश में सुबह 10 बजे तक करीब 20 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी थी।

मध्यप्रदेश में 52 उम्मीदवार मैदान में
मध्यप्रदेश में शनिवार को एक लोकसभा और तीन विधानसभा उप चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। खंडवा लोकसभा चुनाव और विधानसभा सीट रैगांव, जोबट और पृथ्वीपुर में उप चुनाव हो रहे हैं। उप चुनाव में भाजपा- कांग्रेस के साथ प्रत्याशियों के साथ कुल 52 उम्मीदवार मैदान में हैं। खंडवा और रैगांव में 16-16, पृथ्वीपुर में 11 तो सबसे कम जोबट में 9 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। वोटिंग सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगी। इसके पहले सुबह 5.30 बजे मॉक पोल हुआ।

मध्यप्रदेश में खंडवा लोकसभा सीट के अलावा विधानसभा की पृथ्वीपुर, जोबट और रैगांव सीटों पर उप चुनाव होने हैं। खंडवा संसदीय सीट भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन से रिक्त हुई है। विधानसभा की पृथ्वीपुर एवं जोबट की सीटें कांग्रेस विधायकों बृजेंद्र सिंह राठौर एवं कलावती भूरिया तथा रैगांव सीट भाजपा विधायक जुगल किशोर बागरी के निधन से खाली है।

बिहार मेंं मतदान

बिहार के कुशेश्वरस्थान के औराही में मतदान केंद्र पर करीब आधे किमी लंबी महिलाओं की लाइन लगी है। यहां बड़ी संख्या में महिला मतदाता बूथ पर पहुंची हैं।मतदान के लिए वे अपनी बारी का इंतजार कर रही हैं। तारापुर में दिवंगत विधायक मेवालाल चौधरी के घर पर सन्नाटा पसरा है। कभी चुनाव के दौरान उनके घर पर लोगों का तांता लगा रहता

राजस्थान में चुनावी हाल

वहीं राजस्थान में करीब 18 प्रतिशत लोग 10 बजे तक वोट डाल चुके थे। राजस्थान में बड़ी संख्या में महिलाएं घूंघट में वोट डालने पहुंचीं। वल्लभनगर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार प्रीति शक्तावत घूंघट में वोट डालने पहुंची। प्रीति के साथ उनकी बेटियां भी वोट डालने पहुंची थीं।राजस्थान में शनिवार को वल्लभनगर और धरियावद की दो विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हो चुका है। दोनों सीटों पर 5 लाख से ज्यादा वोटर मतदान करेंगे। इन उप चुनाव का दोनों राजनीतिक पार्टियों की स्थितियों पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। मगर दोनों ही पार्टियां इन चुनावों को 2023 की तैयारियों के तौर पर देख रही हैं। वल्लभनगर में जहां कांग्रेस अपनी प्रतिष्ठा बचाने उतरी है। वहीं बीजेपी धरियावद में अपना गढ़ बचाना चाहेगी। फिलहाल राजस्थान में कांग्रेस की 106 और BJP की 71 सीटें हैं। शाम 6 बजे तक वोटर मतदान कर सकेंगे

वल्लभनगर और धरियावद विधानसभा सीटें दो विधायकों के निधन से खाली हुई थी। धरियावद में BJP से खेतसिंह मीणा और कांग्रेस से नगराज मीणा दावेदार हैं। वहीं वल्लभनगर में कांग्रेस से प्रीति शक्तावत वहीं बीजेपी से हिम्मत सिंह झाला, आरएलपी से उदयलाल डांगी और जनता सेना से रणधीर सिंह भींडर मैदान में हैं।

दुनिया के सबसे ऊंचे पोलिंग बूथ पर हो रही वोटिंग

हिमाचल प्रदेश में 1 संसदीय और 3 विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे उप चुनाव को लेकर सुबह 8 बजे वोटिंग शुरू हो गई। मतदान के लिए लोगों में खासा उत्साह दिखाई देखने को मिल रहा है। मंडी संसदीय क्षेत्र समेत फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र, अर्की विधानसभा क्षेत्र और जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव हैं। लाहौल-स्पीति के 24 हजार 486 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। दुनिया का सबसे ऊंचा पोलिंग स्टेशन तशीगंग पर पोलिंग कर्मी पारंपरिक परिधान में वोटरों का स्वागत कर रहे हैं। 
निधन और दल-बदल से खाली हुई सीटें
लोकसभा की तीन सीटों पर सदस्यों के निधन के चलते उप चुनाव हो रहे हैं। वहीं कुछ विधानसभा सीटों पर विधायक के निधन तो कई सीटों पर विधायक के दल बदलने और इस्तीफा देने के कारण सीट खाली हुई है।

2 नवंबर को आएंगे रिजल्ट

उपचुनाव की सभी सीटों के परिणाम 2 नवंबर को आएंगे। हालांकि, क्षेत्रीय दल नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) के उम्मीदवार को 13 अक्टूबर को निर्विरोध विजयी घोषित किया गया।

देश के एक केंद्रित शासित प्रदेश और 13 राज्यों में तीन लोकसभा और 30 विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए आज मतदान शुरू हो गया है। अधिकतर सीटों पर मुख्य टक्कर बीजेपी और कांग्रेस उम्मीदवारों के बीच बताई जा रही है। निर्वाचन आयोग ने कोरोना महामारी के मद्देनजर कई पाबंदियां लगाई हैं। 
इन तीन सीटों पर हो रहा है लोकसभा चुनाव
लोकसभा उपचुनाव दादरा और नगर हवेली, हिमाचल प्रदेश की मंडी और मध्य प्रदेश की खंडवा सीट पर मतदान शुरू हो चुका है।

इन 30 विधानसभा सीटों पर  शुरू हुआ मतदान

•    मध्य प्रदेश में 3 सीटें पर विधानसभा चुनाव- जोबट, रैगांव और पृथ्वीपुर 

•    असम में 5 सीट- गुसाईंगांव, भबानीपुर, तामुलपुर, मरियानी और थोवरा विधानसभा सीट

•    पश्चिम बंगाल में 4 सीट- दिनहाटा, शांतिपुर, खड़दह,  गोसाबा विधानसभा सीट
•    हिमाचल प्रदेश में 3 सीटों पर विधानसभा चुनाव- अर्की, फतेहपुर तथा जुब्बल-कोटखाई
•    मेघालय में 3 सीटों पर विधानसभा चुनाव- मावरिंगकेंग, मावफलांग और राजाबाला 
•    बिहार में 2 सीटों पर विधानसभा  चुनाव- तारापुर और कुशेश्वरस्थान
•    कर्नाटक में 2 सीटों पर विधानसभा चुनाव- सिंगदी और हंगल 
•    राजस्थान में 2 सीटों पर विधानसभा चुनाव- वल्लभनगर और धरियावद
•    आंध्र प्रदेश की बडवेल विधानसभा सीट
•    हरियाणा की ऐलनाबाद विधानसभा सीट
•    महाराष्ट्र की देग्लुर विधानसभा सीट
•    मिजोरम की तुइरियल विधानसभा सीट
•    नगालैंड और तेलंगाना की हुजूराबाद में एक-एक सीट है।

3 लोकसभा क्षेत्रों में सांसद सदस्यों की मृत्यु हो गई थी।मार्च में  बीजेपी के सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के बाद मंडी सीट खाली हुई थी। खंडवा संसदीय क्षेत्र के लिए उपचुनाव बीजेपी सदस्य नंद कुमार सिंह चौहान की मृत्यु के कारण कराना पड़ रहा है, जबकि दादरा और नगर हवेली से निर्दलीय लोकसभा सदस्य मोहन देलकर फरवरी में मुंबई के एक होटल में मृत पाए गए थे।

Created On :   30 Oct 2021 3:45 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story