अब हज यात्रियों के साथ होंगी महिला खादिम, देश भर से जाएंगी 13 महिला खादिम

Women will be sent as Khadim Hujjaj Haj for services of pilgrims
अब हज यात्रियों के साथ होंगी महिला खादिम, देश भर से जाएंगी 13 महिला खादिम
अब हज यात्रियों के साथ होंगी महिला खादिम, देश भर से जाएंगी 13 महिला खादिम

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महाराष्ट्र राज्य हज कमेटी के सेक्शन ऑफिसर गफ्फार पीर साहेब मगदुम ने कहा कि देश में पहली बार हज यात्रा के दौरान महिला हज यात्रियों की सेवा के लिए महिला खादिम हुज्जाज हज पर भेजी जाएंगी। देशभर से 13 महिला खादिम हुज्जाज हज यात्रियों के साथ रवाना होगी। महाराष्ट्र की महिला हज यात्रियों की सेवा के लिए 3 महिला खादिम हुज्जाज जाएंगी जिसमें से एक नागपुर से होगी। एक पुरुष खादिम हुज्जाज भी नागपुर से जाएगा। 

समुद्री मार्ग से हज यात्रा अगले वर्ष संभव  
महाराष्ट्र राज्य हज कमेटी और सेंट्रल तंजीम कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में मोमिनपुरा स्थित मोहम्मद अली सराय में आयोजित तरबियत कैंप के सिलसिले में नागपुर आए गफ्फार पीर साहेब मगदुम ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में बोल रहे थे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि समुद्री मार्ग से हज यात्रा पर बातचीत चल रही है। समुद्री मार्ग से हज यात्रा इस वर्ष नहीं, अगले वर्ष संभव हो सकती है। इस संबंध में टेंडर जारी करने से लेकर सभी प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक वर्ष का समय है। 

विदर्भ से रवाना होंगे 2 हजार 101 हज यात्री  
उन्होंने बताया कि इस वर्ष देशभर से लगभग 1 लाख 80 हजार हज यात्री हज अदा करेंगे जिनमें से 12 हजार 500 हज यात्री महाराष्ट्र से है। नागपुर जिले से 476 लोग हज पर जाएंगे। नागपुर इंबारर्केशन पाइंट से विदर्भ, मध्यप्रदेश के चार जिले तथा छत्तीसगढ़ के करीब 2 हजार 800 यात्री हज पर जाएंगे। नागपुर विभाग से 23,068 आवेदन आए थे जिसमें जनरल श्रेणी के 2266 थे। पूरे विदर्भ से 7 हजार 210 आवेदन मिले थे जिसमें से 2 हजार 101 हज यात्रियों का ड्रा द्वारा चयन किया गया।

प्रतीक्षा सूची में शामिल 1195 लोग अब हज यात्रा कर सकेंगे। इसमें नागपुर से 43 हज यात्री हैं। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार अतिरिक्त कोटे के अंतर्गत महाराष्ट्र को 437 सीटें मिलीं जिसमें से से नागपुर के हिस्से में आई हैं। नागपुर इंबारर्केशन पाइंट से ग्रीन श्रेणी का किराया 2 लाख 50 हजार 900 रुपए और अजीजिया श्रेणी का किराया 2 लाख 16 हजार 700 रुपए है। एयरपोर्ट कर सहित हवाई किराया 69 हजार रुपए है।  

नागपुर से बिना मेहरम एक समूह
पहली बार महिलाओं का बिना मेहरम का चार महिलाओं का एक समूह नागपुर से हज पर जाएगा। महाराष्ट्र से बिना मेहरम हज पर जाने वालों के चार समूह हैं जिनमें नागपुर, बीड़, मुंबई, नासिक के एक-एक समूह शामिल हैं।  

विदर्भ के किस जिले से कितने यात्री 
जिला            यात्री संख्या 
नागपुर            476
अकोला            336
अमरावती         422
भंडारा                20
बुलढाणा           316
चंद्रपुर                72
गड़चिरोली          16
गोंदिया               21
वर्धा                   59
वाशिम              149
यवतमाल          214 

Created On :   14 May 2018 6:22 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story