विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में योग सप्ताह

Yoga week to commemorate World Yoga Day
विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में योग सप्ताह
पन्ना विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में योग सप्ताह

डिजिटल डेस्क, पन्ना। 21 जून को होने वाले 8वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व दिनांक 15 जून से 21 जून तक भारत सरकार द्वारा देश भर में योग सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा चयनित देशभर के 75 विश्व प्रसिद्ध स्थलों से योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। केन्द्रीय विद्यालय संगठन जबलपुर संभाग को यूनेस्को की विश्व विरासत खजुराहो मंदिर समूह में बच्चों को योग कराने के निर्देश केन्द्रीय विद्यालय संगठन मुख्यालय नई दिल्ली से प्राप्त हुए थे। आज दिनांक 19 जून 2022 को केन्द्रीय विद्यालय संगठन जबलपुर संभाग के उपायुक्त ताजुद्दीन शेख के मुख्य आतिथ्य में केन्द्रीय विद्यालय पन्ना एवं छतरपुर के बच्चों ने खजुराहो मन्दिर परिसर में योग किया। सर्वप्रथम केन्द्रीय विद्यालय पन्ना के प्राचार्य अमर चन्द्र राजपूत ने मुख्य अतिथि, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बच्चों का स्वागत करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य ने विश्व प्रसिद्ध विरासत स्थल खजुराहो से योग के कार्यक्रम को आयोजित करने के महत्व को भी रेखांकित किया। स्वागत के पश्चात बच्चों द्वारा संगीतबद्ध योग, योग, पिरामिड और योगासनों का प्रदर्शन किया गया। बच्चों द्वारा विभिन्न योगासनों की लयबद्ध प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योग किया गया।

45 मिनट के इस प्रोटोकॉल में आसन प्राणायाम और ध्यान की विभिन्न क्रियाओं का पूरा पैकेज तैयार किया गया है। जो इस वर्ष के थीम मानवता के लिए योग पर आधारित है। योगाभ्यास संपन्न होने के पश्चात मुख्य अतिथि ताजुद्दीन शेखने बच्चों को संबोधित करते हुए आज के कार्यक्रम के भव्य आयोजन के लिए केंद्रीय विद्यालय पन्ना एवं छतरपुर को बधाई दी। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि योग जीवन को सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण करने का फुल पैकेज है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभप्रद है बल्कि इससे मानसिक स्वास्थ्य भावनात्मक संतुलन और आध्यात्मिक शांति भी मिलती है। इसलिए योग हमारी दिनचर्या का नियमित और अभिन्न भाग होना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में केन्द्रीय विद्यालय छतरपुर के प्राचार्य विशन सिंह राठौऱ़़़ ने मुख्य अतिथि  शिक्षक-शिक्षिकाओं और बच्चों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। खजुराहो में इस कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति देने के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के प्रति आभार व्यक्त किया। योग दिवस के इस कार्यक्रम में केन्द्रीय विद्यालय पन्ना के 54 बच्चे, केन्द्रीय विद्यालय छतरपुर के 55 बच्चों सहित दोनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएँ और स्टॉफ  सम्मिलित हुए।

Created On :   20 Jun 2022 9:21 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story