- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पांढुर्ना
- /
- हल्द्वानी की घटना पर कांग्रेसियों...
पांढुर्णा न्यूज: हल्द्वानी की घटना पर कांग्रेसियों ने जताया विरोध

डिजिटल भास्कर पांढुर्णा। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेसियों ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार मोहित गणवीर को सौंपकर मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि खरगे के कार्यक्रम के बाद कुछ असामाजिक एवं जातिवादी मानसिकता से ग्रसित तत्वों द्वारा मंच और स्थल का 'शुद्धिकरण' किया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे सामाजिक समरसता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संविधान की भावना के विपरीत बताते हुए घटना की कड़ी निंदा की। ज्ञापन में कहा गया कि देश का संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का अधिकार देता है। इसके बावजूद किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर इस तरह का भेदभावपूर्ण व्यवहार समाज में वैमनस्य फैलाने वाला है। कांग्रेसियों ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम सहित अन्य लागू धाराओं में मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान पांढुर्णा विधायक नीलेश उइके, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक जतन उइके सहित कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान और सामाजिक समानता के विरुद्ध होने वाली ऐसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Created On :   14 Aug 2026 3:27 PM IST
Next Story











