Panna News: युवा पति-पत्नी की मौत के बाद भखुरी गांव में पसरा मातम

युवा पति-पत्नी की मौत के बाद भखुरी गांव में पसरा मातम
जिले के धरमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भखुरी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ शनिवार रात एक युवा पति-पत्नी ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।

Panna News: जिले के धरमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भखुरी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ शनिवार रात एक युवा पति-पत्नी ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इस घटना के बाद अजयगढ तहसील के भखुरी गांव में मातम पसर गया। अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान सागर यादव 25 वर्ष और उनकी पत्नी श्याम कली 23 वर्ष के रूप में हुई है। सागर पेशे से मजदूरी करता था और अपनी चार बहनों का इकलौता भाई था। परिजनों के मुताबिक दोनों की शादी तीन साल पहले हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। मृतक सागर के पिता रामकेश ने बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे पूरे परिवार ने एक साथ बैठकर खाना खाया था। इसके बाद सागर और श्याम कली अपने कमरे में सोने चले गए। कुछ देर बाद अचानक कमरे से चीखने-चिल्लाने और उल्टियां करने की आवाजें आने लगीं। जब परिजन कमरे में पहुंचे तो दोनों बेहद गंभीर हालत में तड़प रहे थे। पूछने पर पता चला कि उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

परिजन आनन-फानन में दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजयगढ़ ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल पन्ना के लिए रेफर कर दिया। पन्ना जिला अस्पताल पन्ना लाते समय रास्ते में ही पत्नी श्याम कली ने शनिवार रात करीब 10 बजे दम तोड़ दिया। इसके बाद गंभीर हालत में पति सागर को जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान रविवार सुबह 8 बजे उसकी भी मौत हो गई।

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलते ही धरमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि पति-पत्नी द्वारा अज्ञात कारणों के चलते आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने रविवार दोपहर 12 बजे पंचनामा बनाकर पति सागर के शव का पोस्टमार्टम पन्ना जिला अस्पताल में कराया जबकि पत्नी श्याम कली का पोस्टमार्टम अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। पुलिस का कहना है कि आखिर दोनों ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया इसका असली खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा।

Created On :   15 Jun 2026 5:29 PM IST

Tags

Next Story