- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- परभनी
- /
- उद्धव पर शिंदे का पलटवार - दगाबाज़...
Parbhani News: उद्धव पर शिंदे का पलटवार - दगाबाज़ कौन है, जनता जानती है, तभी चुनाव में इसका जवाब दे दिया

- उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का परभणी सभा से उद्धव ठाकरे पर प्रहार
- कसा तंज और कहा - मुख्यमंत्री रहते कभी जनता के बीच नहीं गए
Parbhani News. राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार, 12 नवंबर को परभणी के महात्मा फुले विद्यालय मैदान में आयोजित विराट जनसभा के दौरान शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर निशाना। उन्होंने कहा कि “असल दगाबाज़ कौन है, यह जनता भलीभांति जानती है। चुनाव परिणामों में जनता ने इसका स्पष्ट जवाब दे दिया है। इस अवसर पर पूर्व सांसद सुरेश जाधव, पूर्व विधायक जयप्रकाश मुंदड़ा, पूर्व विधायक हरिभाऊ लहाने, जिला प्रमुख आनंद भरोसे, विशाल कदम, प्रवक्ता ज्योति वाघमारे, भास्करराव लंगोटे, मानिक पोंढे, गीता सूर्यवंशी, सखुबाई लटपटे, आप्पाराव वावरे, राजू कापसे, प्रवीण देशमुख, शेख शब्बीर, प्रभाकर कदम, सचिन पाटील मंचासीन थे।
“मुख्यमंत्री रहते कभी जनता के बीच नहीं गए” — शिंदे का तंज
शिंदे ने बिना नाम लिए उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा, “जब आप मुख्यमंत्री थे, तब कभी घर से बाहर नहीं निकले। आम जनता और किसानों के दुःख-दर्द में सहभागी नहीं हुए। कोरोना जैसी आपदा के समय आप केवल फेसबुक लाइव तक सीमित रहे, जबकि हम जनता के बीच जाकर उनके आँसू पोंछ रहे थे। सत्ता आपके पास थी, लेकिन आपने जनता के लिए कुछ नहीं किया। आपने पूरी शिवसेना को कांग्रेस की डोर से बाँध दिया और धनुष्य-बाण तक गिरवी रख दिया।
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा, “जनता ने विधानसभा चुनावों में अपना फैसला सुना दिया है। हमने 80 सीटों पर चुनाव लड़ा और 60 सीटों पर विजय प्राप्त की। यह जनता का स्पष्ट संदेश था कि दगाबाज़ कौन है। सत्ता में रहकर और सत्ता से बाहर रहकर भी विपक्ष ने नकारात्मक राजनीति की, विकास कार्यों को रोका, त्योहारों पर रोक लगाई और केवल द्वेष का माहौल बनाया।”
हमने रुके हुए विकास कार्यों को गति दी
शिंदे ने कहा कि हमारी सरकार ने सत्ता में आते ही रुके हुए विकास कार्यों को गति दी, त्योहारों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को पुनः शुरू किया। विरोधक केवल अफवाहें फैलाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। 2014 से महायुती सरकार ने राज्य और केंद्र स्तर पर जनहित में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं और विकास को नई दिशा दी है। संकट के समय यह सरकार किसानों और आम जनता के साथ मज़बूती से खड़ी रही है।”
परभणी के विकास पर घोषणाएं
विकास से संबंधित योजनाओं का उल्लेख करते हुए शिंदे ने कहा कि सरकार भूमिगत नाली योजना, समानांतर जलापूर्ति योजना, सड़क विकास निधि, उजलंबा में नई औद्योगिक वसाहत, अहिल्याबाई होलकर स्मारक, नागोबा मंदिर और महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार हेतु ठोस निर्णय लेगी।
आगामी चुनावों में भगवा फहराएं — कार्यकर्ताओं से आह्वान
अपने संबोधन के अंत में उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनावों में सातों नगरपालिकाओं पर भगवा ध्वज फहराया जाए। मैं सामान्य कार्यकर्ताओं के साथ मज़बूती से खड़ा रहूंगा और जिला प्रमुख आनंद भरोसे के साथ पूरी ताकत से चुनाव लड़ा जाएगा।
Created On :   12 Nov 2025 7:26 PM IST















