- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पवई
- /
- जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में...
पवई न्यूज: जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम,

डिजिटल डेस्क पवई। महाराजा छत्रसाल मैदान पवई में शुक्रवार को जिला स्तरीय खो-खो बालक एवं बालिका चयन प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पवई के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए प्रतिभावान खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे पुष्पराज सिंह परमार एवं जिला खेल अधिकारी राजेश मिश्रा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ कराया।
पांच ब्लॉक की टीमों ने लिया हिस्सा
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के पांच विकासखंडों से आई टीमों ने भाग लिया। बालक एवं बालिका वर्ग में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। मैदान में खिलाड़ियों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ प्रदर्शन करते हुए जीत के लिए जोर लगाया। पूरे दिन चले मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों की फुर्ती, गति और रणनीति ने दर्शकों को रोमांचित किया।
प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी जिला स्तरीय टीम के लिए किया जाएगा, जो आगे संभाग एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खेलों से प्रतिभाओं को मिल रहा मंच-
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे पुष्पराज सिंह परमार ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और मेहनत के साथ खेलों में आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
जिला खेल अधिकारी राजेश मिश्रा ने कहा कि ‘खेलो इंडिया, खेलो मध्यप्रदेश’ के साथ अब ‘खेलो पन्ना’ की भावना को भी मजबूत किया जा रहा है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पन्ना जिले के कई प्रतिभावान खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
इस अवसर पर प्रतियोगिता के निर्णायक, पीटीआई शिक्षक, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे। अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।प्रतियोगिता के संयोजक रामकृष्ण नगायच, प्राचार्य, शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पवई रहे।
Created On :   11 Sept 2026 6:23 PM IST












