Pune News: पुणे-मिरज रेल मार्ग का दोहरीकरण पूरा

पुणे-मिरज रेल मार्ग का दोहरीकरण पूरा
ट्रेन क्रॉसिंग का समय बचेगा, नई ट्रेन चल सकेंगी

भास्कर न्यूज, पुणे। महाराष्ट्र के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद पुणे-मिरज रेल मार्ग का दोहरीकरण और विद्युतीकरण पूरा हो गया है। परियोजना से यात्रियों का सफर अब पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और समय की बचत करने वाला होगा।

कुल 280 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग पर पिछले नौ साल से काम हो रहा था। हाल ही में सातारा-कोरेगांव-रहमतपुर-तारेगांव के बीच लगभग 34 किलोमीटर के अंतिम चरण का काम पूरा हो गया है। अब पूरी रेल लाइन पर गाड़ियां दोहरी पटरी पर दौड़ेंगी। प्रोजेक्ट से पुणे से मिरज और आगे कोल्हापुर तक का यात्रा समय करीब डेढ़ घंटे कम हो जाएगा। पहले जहां यात्रियों को सात से 7.30 घंटे लगते थे, वहीं अब यह सफर करीब छह घंटे में पूरा हो सकेगा। साथ ही, सिंगल लाइन के कारण ट्रेनों की क्रॉसिंग का समय भी काफी घटेगा। अफसरों का कहना है कि दोहरीकरण होने से यात्री और माल परिवहन, दोनों में बड़ा लाभ होगा। इसके अलावा इस रूट पर नई ट्रेन संचालित करने की संभावना भी बढ़ेगी।

उठी कोल्हापुर-मुंबई वंदे भारत की मांग

इस बीच, यात्री संगठनों ने कोल्हापुर-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने की मांग फिर से उठाई है। रेलवे सूत्रों के अनुसार दोहरीकरण पूरा होने से अब इस मार्ग पर वंदे भारत ट्रेन चलने की संभावना और बढ़ गई है। परियोजना से पुणे, सातारा, सांगली और कोल्हापुर जिलों के यात्रियों को नई सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही औद्योगिक और पर्यटन क्षेत्र को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Created On :   12 Nov 2025 2:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story