Pune City News: सातारा के पास छात्रों-शिक्षकों से भरी बस 20 फीट गहरे गड्ढे में गिरी

सातारा के पास छात्रों-शिक्षकों से भरी बस 20 फीट गहरे गड्ढे में गिरी
  • 12 लोग गंभीर रूप से घायल
  • ग्रामीणों ने तत्काल किया बचाव कार्य

भास्कर न्यूज, पुणे। पिंपलगांव बसवंत स्थित स्व. बी.पी. जूनियर कॉलेज ऑफ साइंस के छात्रों की शैक्षणिक यात्रा वाली बस पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसे का शिकार हो गई है। यह दुर्घटना मंगलवार को सतारा जिले के कराड के पास वाठार गांव की सीमा में हुई, जहां बस अनियंत्रित होकर लगभग 20 फीट गहरी खाईं में जा गिरी। बस में लगभग 50 छात्र और उनके साथ स्टाफ (रसोइए सहित) सवार थे। प्रारंभिक जांच में संकेत मिला है कि बस चालक के वाहन पर से नियंत्रण खो देने के कारण यह हादसा हुआ। इस दुखद दुर्घटना में कुल 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें 7 छात्र और 5 रसोइए (कुक) शामिल हैं।

गंभीर रूप से घायल छात्रों के नाम

प्रज्वल आहेर, ऋषिकेश पाचोरकर, सार्थक चव्हाण, आदित्य शेजवल, साहिल मोगल, वेदांत शिंदे और चिन्मय मोरे शामिल हैं। वहीं घायल रसोइओं में पियुष काले, कल्पना गिरे, संगीता ढगे, भगवान सालवे और सिकंदर शेख का समावेश है।

ग्रामीणों ने तत्काल किया बचाव कार्य

हादसे की सूचना मिलते ही आस-पास के ग्रामीणों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर बिना देरी किए बचाव कार्य शुरु किया और घायल छात्रों तथा स्टाफ को खाईं से बाहर निकाला। प्रशासनिक स्तर पर भी त्वरित कार्रवाई की गई। निफाड़ के तहसीलदार विशाल नाईकवाड़े ने तुरंत कराड तहसीलदार से संपर्क किया। नाशिक के जिलाधिकारी आयुष प्रसाद ने सातारा जिला प्रशासन से बात कर सुनिश्चित किया कि सभी घायलों को तत्काल कराड स्थित कृष्णा हॉस्पिटल में आवश्यक उपचार मिले। कराड के तहसीलदार और उपविभागीय अधिकारी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दुर्घटना से पिंपलगांव बसवंत और निफाड़ के छात्रों के अभिभावकों में डर और चिंता का माहौल बन गया है।

Created On :   2 Dec 2025 7:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story