Pune City News: आंदेकर के अवैध वारकरी भवन पर चलाया बुलडोजर

आंदेकर के अवैध वारकरी भवन पर चलाया बुलडोजर
गैंग के खिलाफ मनपा और पुलिस प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

भास्कर न्यूज, पुणे। आयुष कोमकर की हत्या के बाद गिरफ्तार हुए बंडू आंदेकर के खिलाफ पुणे पुलिस ने आक्रामक रुख अपनाया है। मंगलवार को मनपा प्रशासन और पुणे पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गणेश पेठ-भवानी पेठ में अवैध रूप से बनाए गए वारकरी भवन पर बुलडोजर चलाया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सेवा के नाम पर बनाए गए वारकरी भवन से अवैध काम, वसूली और क्रिमिनल एक्टिविटी संचालित की जा रही थी।

मंगलवार सुबह 8.30 बजे मनपा टीम पुलिस बल के साथ वहां पहुंची और बुलडोजर से अवैध वारकरी भवन को गिराने का काम शुरू किया। कार्रवाई के दौरान आंदेकर के वकीलों की ओर से नोटिस नहीं देने की बात कही जा रही थी। हालांकि, विरोध के बावजूद अवैध रूप से बनाए गए वारकरी भवन को जमींदोज किया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बंडू आंदेकर गैंग वारकरी भवन से अवैध काम करता था। सेवा की आड़ में अवैध काम, वसूली और क्रिमिनल एक्टिविटी की जा रही थी। कार्रवाई बुधवार को भी जारी रहेगी।

एक के बाद एक कार्रवाई

आंदेकर-गायकवाड़ गैंग के बीच हुए गैंगवार में आंदेकर गैंग ने 5 सितंबर को 19 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद पुलिस ने बंडू आंदेकर समेत 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने आंदेकर गैंग को नेस्तनाबूत करने के लिए उसके गिरोह के ठिकानों की तलाश शुरू की थी। इसमें पुलिस को आंदेकर गैंग की 17 करोड़ 98 लाख 93 हजार रुपए की संपत्ति का पता चला था। उसके बाद पुलिस और मनपा प्रशासन ने उक्त गैंग के प्रभाव वाले नाना पेठ इलाके में आंदेकर के अनाधिकृत निर्माण पर कार्रवाई शुरू की है। कुछ दिन पहले आंदेकर के घर से महज 20 फीट दूरी पर नागझरी नाले की सुरक्षा दीवार से सटाकर किए गए अवैध निर्माण पर कार्रवाई कर अवैध निर्माण को हटाया गया था। उसके बाद मछली बाजार पर भी कार्रवाई की गई थी, जहां से आंदेकर गैंग जबरदस्ती किराया वसूलती थी।

Created On :   12 Nov 2025 3:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story