- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- प्यार में धोखा और ब्लैकमेलिंग से...
Pune City News: प्यार में धोखा और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर 23 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या

भास्कर न्यूज, बारामती। बारामती के रुई बयाजीनगर इलाके में एक घटना सामने आई है, जहां 23 वर्षीय होनहार युवक विक्रम उर्फ बबलू नवनाथ कोलपे ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा था, लेकिन मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट ने पूरे जिले में खलबली मचा दी है।
5 साल का प्यार और फिर मिला धोखा
मिली जानकारी के अनुसार, विक्रम का पुणे (खडकवासला) की रहने वाली सृष्टि मते के साथ पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों ने शादी का वादा किया था, लेकिन अचानक सृष्टि ने परिवार के विरोध का बहाना बनाकर शादी से इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि मामला सिर्फ इनकार तक सीमित नहीं था; 27 दिसंबर 2025 के बाद से सृष्टि और उसकी बहन श्रुति ने विक्रम को फोन पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करना और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था।
पुणे बुलाकर दी जान से मारने की धमकी
शिकायत के मुताबिक, बीती 5 जनवरी को विक्रम को जबरन पुणे बुलाया गया था। वहां उस पर भारी दबाव डालकर उसके मोबाइल से निजी फोटो और चैट डिलीट कराए गए। मृतक के मामा सत्यवान आप्पा इंगले ने आरोप लगाया कि सृष्टि के पिता विकास मते ने भी विक्रम के रिश्तेदारों को फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी।
सुसाइड नोट: मां मुझे माफ कर देना...
15 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे, जब घर पर कोई नहीं था, विक्रम ने किचन में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने एक भावुक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें लिखा था:
मां मुझे माफ कर देना... मुझे बहुत ब्लैकमेल किया जा रहा है और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, इसलिए मैं यह कदम उठा रहा हूं।
पुणे के एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर केस दर्ज
इस घटना के बाद पूरे बारामती और पुणे जिले में आक्रोश का माहौल है। मृतक के मामा की तहरीर पर बारामती तहसील पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत सृष्टि मते, उसकी बहन श्रुति और पिता विकास मते के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस की कार्रवाई:
पुलिस ने घटनास्थल से सुसाइड नोट और विक्रम का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। मोबाइल डेटा और तकनीकी सबूतों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। आरोपियों की तलाश और पूछताछ के लिए पुलिस की एक टीम पुणे रवाना की गई है।
Created On :   17 Feb 2026 3:38 PM IST












