Pune City News: पुणे में ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर 3.29 करोड़ की ठगी

पुणे में ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर 3.29 करोड़ की ठगी
  • फर्जी पुलिस अधिकारी और सुप्रीम कोर्ट केस के नाम पर दो बुजुर्गों से करोड़ों ऐंठे
  • साइबर पुलिस में मामला दर्ज, जांच जारी

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे में साइबर ठगों ने एक बार फिर बुजुर्गों को निशाना बनाते हुए 3 करोड़ 29 लाख 43 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया है। दोनों मामलों में शिकायत पुणे साइबर पुलिस थाने में दर्ज की गई है और जांच शुरू कर दी गई है।

पहले मामले में 86 वर्षीय राम जिंदाराम ईदनानी को ठगों ने खुद को मुंबई पुलिस अधिकारी बताकर फोन किया। आरोपियों ने नाम एस. लक्ष्मण और प्रदीप सावंत बताया तथा कहा कि कुलाबा पुलिस थाना में मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज है। उन्होंने दावा किया कि कैनरा बैंक में उनके नाम से खोले गए खाते का इस्तेमाल गैरकानूनी लेनदेन में हुआ है और जल्द गिरफ्तारी हो सकती है। डर के माहौल में बुजुर्ग से बैंक डिटेल्स लेकर जांच के नाम पर अलग-अलग खातों में 1 करोड़ 27 लाख 53 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए गए।

दूसरे मामले में 70 वर्षीय अंकुश हरिशचंद्र बगाटे को फोन कर ठगों ने खुद को “राहुल रॉय, पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन ऑफ इंडिया, अंधेरी वेस्ट” बताया। आरोपियों ने आधार कार्ड के दुरुपयोग, अश्लील सामग्री प्रसारित करने और प्रतिबंधित संगठन से संबंध का झूठा आरोप लगाते हुए मामला सुप्रीम कोर्ट में चलने की बात कही। मानसिक दबाव बनाकर दंपती से 2 करोड़ 1 लाख 90 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए गए।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कोई भी सरकारी एजेंसी फोन पर बैंक विवरण या पैसे ट्रांसफर करने के लिए नहीं कहती। संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करें।

Created On :   19 Feb 2026 7:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story