Pune City News: डेढ़ महीने बाद भी नहीं मिला सुराग, परिजनों का फूटा आक्रोश

डेढ़ महीने बाद भी नहीं मिला सुराग, परिजनों का फूटा आक्रोश
  • पुलिस कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
  • दो दिन में बेटी नहीं मिली तो करेंगे आत्मदाह

भास्कर न्यूज, पुणे। कुंजीरवाडी क्षेत्र से डेढ़ महीने पहले लापता हुई 14 वर्षीय छात्रा का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। बेटी की तलाश में दर-दर भटक रहे माता-पिता ने लोणी कालभोर सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन करते हुए कहा, हमारी बेटी को खोजकर दो, नहीं तो हमें गोली मार दो।

परिजनों ने प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी बेटी सुरक्षित नहीं मिली, तो वे मुख्यमंत्री कार्यालय के सामने परिवार सहित आत्मदाह करेंगे।

जानकारी के अनुसार, कुंजीरवाडी (त. हवेली) निवासी 14 वर्षीय छात्रा 14 अप्रैल को निजी ट्यूशन क्लास के लिए घर से निकली थी। सुबह करीब 9.50 बजे उसका भाई उसे क्लास के बाहर छोड़कर वहीं आसपास रुका हुआ था। क्लास समाप्त होने के बाद जब सभी विद्यार्थी बाहर निकल आए, तब उसकी बहन कहीं दिखाई नहीं दी। भाई ने जब क्लास में जाकर पूछताछ की, तो शिक्षकों ने बताया कि वह उस दिन क्लास में आई ही नहीं थी। इसके बाद परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

आखिरकार परिजनों ने लोणी कालभोर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण किए जाने की आशंका के आधार पर मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान समाधान उर्फ सुशील गंगाधर सूर्यवंशी (24) नामक युवक का नाम सामने आया, जिसके खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया है।

इधर, बेटी की तलाश में माता-पिता ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हम रोज पुलिस स्टेशन के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई। हमारी बेटी को जल्द खोजा जाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की जानकारी देने वाले को उचित इनाम देने की घोषणा भी की गई है। पुलिस ने दावा किया है कि छात्रा की तलाश के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं और विभिन्न स्थानों पर जांच जारी है।

Created On :   22 May 2026 6:01 PM IST

Tags

Next Story