Pune City News: बांग्लादेशी युवती को संरक्षण देने के आरोप में महिला हवलदार निलंबित

बांग्लादेशी युवती को संरक्षण देने के आरोप में महिला हवलदार निलंबित
रिश्वत लेकर जानकारी छुपाने का आरोप

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे पुलिस के परिमंडल-1 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ऋषिकेश रावले ने फरासखाना पुलिस स्टेशन में तैनात एक महिला हवलदार को निलंबित करने के आदेश दिए हैं। महिला हवलदार पर बुधवार पेठ के रेड लाइट एरिया में अवैध रूप से रह रही एक बांग्लादेशी युवती के खिलाफ कार्रवाई न करने और उससे रिश्वत लेने का गंभीर आरोप है। निलंबित महिला हवलदार का नाम मनीषा पुकाळे है, जो फरासखाना पुलिस स्टेशन के जांच दल (डीबी) में कार्यरत थीं।

15 साल की उम्र में भारत लाई गई थी युवती

जांच में सामने आया है कि वर्ष 2023 में एक दलाल के जरिए मात्र 15 वर्ष की उम्र में इस बांग्लादेशी युवती को अवैध रूप से भारत लाया गया था। उसे कोलकाता से पुणे के बुधवार पेठ स्थित एक कोठे पर करीब 5 लाख रुपये में बेचे जाने का आरोप है। पीड़िता के अनुसार, उससे 10 लाख रुपये की मांग की गई और उसे जबरन देह व्यापार में धकेलते हुए मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न किया गया।

पुलिस से संपर्क के बाद सामने आया मामला

पीड़िता ने अपने एक मित्र की मदद से पुलिस से संपर्क किया था। इसी दौरान वह महिला हवलदार मनीषा पुकाले के संपर्क में आई। आरोप है कि हवलदार को युवती के अवैध रूप से भारत में रहने की जानकारी होने के बावजूद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना नहीं दी।

सामाजिक कार्यकर्ताओं की सूचना पर खुलासा

यह मामला तब उजागर हुआ जब बुधवार पेठ क्षेत्र में काम कर रहे सामाजिक कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद युवती से पूछताछ में महिला हवलदार की संलिप्तता सामने आई।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दलाल, कोठा मालकिन सहित कुल आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस विभाग का बयान

पुलिस विभाग ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि देश में अवैध रूप से रह रहे नागरिकों के खिलाफ केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस तरह की लापरवाही और भ्रष्टाचार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Created On :   7 Feb 2026 2:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story