Pune City News: ‘दगडूशेठ’ गणपती मंदिर में स्वर्ण पालने में गणेश जन्मोत्सव

‘दगडूशेठ’ गणपती मंदिर में स्वर्ण पालने में गणेश जन्मोत्सव
शुभचिह्नों व मोदकों की पुष्पसज्जा से सजा मंदिर

भास्कर न्यूज, पुणे। माघ शुक्ल चतुर्थी के पावन अवसर पर श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपती मंदिर में श्री विनायक जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जय गणेश, जय गणेश… श्रीमंत दगडूशेठ गणपती की जय’ के जयघोष और पारंपरिक पालणा गीतों से मंदिर परिसर भक्तिरस में डूब गया। सुवर्ण पालने में गणेश जन्मोत्सव के दौरान पुष्पवर्षा की गई, जिससे उपस्थित सैकड़ों भक्त भावविभोर हो उठे।



श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सार्वजनिक गणपती ट्रस्ट एवं सुवर्णयुग तरुण मंडल की ओर से आयोजित इस भव्य समारोह में पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने विशेष सहभाग लिया। इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष सुनील रासने, उपाध्यक्ष माणिक चव्हाण, कोषाध्यक्ष महेश सूर्यवंशी, सहचिटणीस अमोल केदारी सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रथमेश कापरे ने सपत्नीक श्री गणेश जन्म की पूजा संपन्न की।



अर्चना भालेराव सहित महिलाओं ने गणेश जन्म का पालणा और गणेश गीतों का गायन किया। मंदिर को शुभचिह्नों और मोदकों की पुष्पसज्जा से आकर्षक रूप दिया गया था। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बुधवार तड़के भारतरत्न पं. भीमसेन जोशी के पौत्र विराज जोशी ने स्वराभिषेक के माध्यम से गायन सेवा अर्पित की। गुरुवार तड़के ब्रह्मणस्पति सूक्त व गणेश सूक्त अभिषेक संपन्न हुए। सुबह और दोपहर के सत्रों में गणेश याग का आयोजन किया गया।



मुख्य जन्मोत्सव दोपहर 12 बजे प्रारंभ हुआ, जिसके बाद श्री गणेश की मंगल आरती की गई। सायंकाल नगरप्रदक्षिणा मिरवणूक मंदिर से निकली जाएगी, रात में मंगल आरती तथा देर रात तक श्री गणेश जागर आयोजित किया गया है।

Created On :   22 Jan 2026 3:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story