Pune City News: मैदान में उतरेंगे राजनीतिक दिग्गजों के वारिस

मैदान में उतरेंगे राजनीतिक दिग्गजों के वारिस
उम्मीदवारी के लिए मिसाल, धंगेकर, तिलक, कांबले और बापट परिवार की 'फील्डिंग' शुरू

भास्कर न्यूज, पुणे। मनपा चुनावों की घोषणा के साथ राजनीतिक दलों ने उम्मीदवारों के चयन के लिए बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। चुनाव की आधिकारिक घोषणा से पहले ही अधिकांश दलों ने दावेदारों से आवेदन मंगवा लिए थे, जिसके बाद अब साक्षात्कारों की प्रक्रिया शुरू हो रही है। माना जा रहा है कि इस बार का चुनाव वंशवाद के नए अध्याय के लिए चर्चा में रहेगा। कई स्थापित नेताओं ने राजनीतिक उत्तराधिकारियों को चुनावी मैदान में उतारने के लिए कमर कस ली है। इनमें लगभग सभी दलों के बड़े नेताओं के बेटे-बेटियों के नाम शामिल हैं, जिससे आगामी चुनाव में वंशवाद का मुद्दा गरमाने के आसार हैं।

मनपा चुनाव के लिए 15 जनवरी को मतदान होना है और शहर के 41 वार्डों (प्रभाग) से कुल 165 नगरसेवक चुने जाना हैं। उम्मीदवार चुनने के लिए दलों में वरिष्ठ स्तर पर बैठकें जारी हैं और जीतने की क्षमता के आधार पर अंतिम सूची तैयार की जा रही है। अब सभी दावेदारों की नजरें वरिष्ठों के फैसले पर टिकी हैं। इसमें आगामी चुनाव में जमीन बचाने के लिए पूर्व नगरसेवकों ने भी जोरदार लॉबिंग शुरू कर दी है। इसके लिए वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकातों का सिलसिला बढ़ गया है।

विशेष बात यह है कि इस बार भाजपा, कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस (दोनों गुट) और शिवसेना (दोनों गुट) जैसे सभी प्रमुख दलों के दिग्गज नेताओं के बच्चे और रिश्तेदार किस्मत आजमाने के लिए तैयार हैं। उनमें भाजपा नेताओं के बच्चों की संख्या काफी अधिक है। बताया जा रहा है कि भाजपा के करीब 15 से ज्यादा नेताओं के बच्चे चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। ऐसे में हमेशा वंशवाद का मुद्दा उठाकर विपक्ष पर हमला करने वाली भाजपा को खुद इस मुद्दे पर विपक्ष के आरोपों का सामना करना पड़ सकता है।

इन सभी को चाहिए चुनाव यात्रा का टिकट

चुनावी मैदान में उतरने के इच्छुक वारिसों में राज्यमंत्री माधुरी मिसाल के बेटे करण मिसाल (भाजपा), विधायक सुनील कांबले की बेटी सुप्रिया कांबले (भाजपा), दिवंगत विधायक मुक्ता तिलक के बेटे कुणाल तिलक (भाजपा), दिवंगत सांसद गिरीश बापट की बहू स्वरदा बापट (भाजपा) और राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार गुट) के पूर्व शहर अध्यक्ष व पूर्व उपमहापौर दीपक मानकर के बेटे राघवेंद्र मानकर (भाजपा) और हर्षवर्धन मानकर (राष्ट्रवादी कांग्रेस) के नाम चर्चा में हैं। इसके अलावा पूर्व विधायक रवींद्र धंगेकर के बेटे प्रणव धंगेकर (शिवसेना शिंदे गुट) विधायक बापूसाहब पठारे के बेटे सुरेंद्र पठारे (भाजपा), पूर्व उपमहापौर सरस्वती शेंडगे की बेटी प्रियंका शेंडगे (भाजपा), वरिष्ठ नेता आबा बागुल के बेटे हेमंत बागुल, विधायक चेतन तुपे के बेटे ईशान तुपे (राष्ट्रवादी कांग्रेस), मनसे के दिवंगत विधायक रमेश वांजले के बेटे मयूरेश वांजले, मंत्री तानाजी सावंत के बेटे गिरिराज सावंत (शिवसेना शिंदे गुट), पूर्व पार्षद दत्तात्रय खाड़े के बेटे अपूर्व खाड़े, पूर्व नगरसेविका ज्योत्स्ना एकबोटे की बेटी निवेदिता एकबोटे (भाजपा) और पूर्व नगरसेविका कालिंदा पुंडे के बेटे महेश पुंडे (भाजपा) चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।

Created On :   19 Dec 2025 2:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story