Pune City News: नीलेश घायवल पर तीसरी बार मकोका के तहत कार्रवाई

नीलेश घायवल पर तीसरी बार मकोका के तहत कार्रवाई
महिला व्यवसायी से 45 लाख रुपए की वसूली का मामला

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे पुलिस ने कुख्यात गुंडा नीलेश घायवल के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत तीसरी बार कार्रवाई की है। यह कार्रवाई एक महिला व्यवसायी को धमकाकर 45 लाख रुपए की रंगदारी वसूलने के मामले में की गई है। पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने इस कार्रवाई को मंजूरी दी है।

पुलिस के अनुसार, घायवल ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाया और फिलहाल लंदन में रह रहा है। कोथरूड फायरिंग प्रकरण के बाद से अब तक उस पर 11 गंभीर अपराध दर्ज किए जा चुके हैं।

परिमंडल-3 के पुलिस उपायुक्त संभाजी कदम ने बताया कि बिल्डर को धमकाकर फ्लैटों पर कब्जा करने और महिला व्यवसायी से वसूली करने जैसे मामलों में मकोका के तहत कार्रवाई की गई है। अब तक घायवल पर तीन बार मकोका लगाया गया है।

पुणे पुलिस ने घायवल की अवैध संपत्तियों की जांच भी शुरू कर दी है और इसके लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को पत्र भेजा है। जांच में खुलासा हुआ है कि उसने करोड़ों रुपए की अवैध संपत्ति अर्जित की है। पुलिस ने उसके प्रत्यर्पण के लिए ब्रिटेन के उच्चायुक्त कार्यालय से भी संपर्क साधा है।

नीलेश घायवल की गैंग ने धाराशिव, अहमदनगर, बीड, सातारा और पुणे जिलों में आतंक फैला रखा है। उसकी टोली पर जमीन हड़पने, जबरन कब्जा करने और वसूली जैसे कई मामले दर्ज हैं।

घायवल के भाई सचिन घायवल पर भी मकोका के तहत कार्रवाई की गई है। कोथरूड क्षेत्र में नई बनी एक इमारत के 10 फ्लैटों पर जबरन कब्जा करने के मामले में दोनों भाइयों और उनके साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज है। इसके अलावा, एक स्कूल कैंटीन में खाद्य सामग्री सप्लाई करने वाली महिला को धमकाकर वसूली करने के मामले में भी दोनों भाइयों पर केस दर्ज किया गया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घायवल का बेटा लंदन में पढ़ाई कर रहा है, और वह वहीं रहकर गिरोह को संचालित कर रहा है। उसके प्रत्यर्पण को लेकर पुलिस और विदेश मंत्रालय के बीच पत्राचार जारी है।

Created On :   12 Nov 2025 6:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story