- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- 14 नवंबर को पुणे से नासा के लिए...
Pune City News: 14 नवंबर को पुणे से नासा के लिए उड़ान भरेंगे 25 विद्यार्थी

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे जिला परिषद के ग्रामीण शासकीय विद्यालयों के 25 मेधावी विद्यार्थियों का प्रतिनिधिमंडल अमेरिका के नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) सहित 10 दिन के शैक्षणिक दौरे पर भेजा जा रहा है। दल 14 नवंबर को पुणे से रवाना होगा और वॉशिंगटन डीसी, ऑरलैंडो और सैन फ्रांसिस्को का दौरा करेगा। वॉशिंगटन डीसी में विद्यार्थियों को भारत के राजदूत विनयमोहन कात्रा से दूतावास में भेंट करने का अवसर मिलेगा।
जिला परिषद के सीईओ गजानन पाटिल ने बताया कि दौरे के दौरान छात्र स्मिथ सोनियन नेशनल एयर एंड स्पेस म्यूजियम, नासा अर्थ सेंटर (वॉशिंगटन डीसी), नासा कैनेडी स्पेस सेंटर (ऑरलैंडो) तथा कैलिफोर्निया एकेडमी ऑफ साइंसेस और सैन फ्रांसिस्को की विभिन्न प्रौद्योगिकी कंपनियों का दौरा करेंगे। यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष अनुसंधान, अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण और उपग्रह प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रहे वैश्विक नवाचारों का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा। सैन फ्रांसिस्को दौरे का समन्वय महाराष्ट्र मंडल बे एरिया और ज्ञान प्रबोधिनी फाउंडेशन, कैलिफोर्निया द्वारा किया जा रहा है। वहां प्रमुख तकनीकी कंपनियों के भ्रमण, प्रायोगिक सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और उद्यमिता की दुनिया से परिचय प्राप्त होगा। पुणे मॉडल स्कूल परियोजना के अंतर्गत यह कार्यक्रम ग्रामीण विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और वैश्विक शिक्षा की समझ विकसित करने के लिए बनाया गया है। प्रतिनिधिमंडल 25 से 27 नवंबर के बीच वापस पुणे लौटेगा।
नासा का 10 दिन का दौरा
16, 17, 18 नवंबर- वॉशिंगटन डीसी
राष्ट्रीय वायु और अंतरिक्ष संग्रहालय, पृथ्वी सूचना केंद्र, नासा मुख्यालय, वैज्ञानिकों के साथ आईयूसीएए सत्र
19, 20, 21 नवंबर- ऑरलैंडो
नासा कैनेडी अंतरिक्ष केंद्र, अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण अनुभव, वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष यात्रियों के साथ आईयूसीएए सत्र
22, 23, 24, 25 नवंबर- सैन फ्रांसिस्को
कैलिफोर्निया विज्ञान अकादमी, एप्पल, इंटेल केंद्रों का दौरा
Created On :   12 Nov 2025 1:57 PM IST












