Pune City News: चिखलवाड़ी स्थित आंबेडकर हॉकी स्टेडियम के लंबित कार्यों को मिलेगी गति

चिखलवाड़ी स्थित आंबेडकर हॉकी स्टेडियम के लंबित कार्यों को मिलेगी गति
औंध-बोपोड़ी वार्ड की महत्वपूर्ण परियोजनाओं का आयुक्त ने किया निरीक्षण

भास्कर न्यूज, पुणे। शिवाजीनगर निर्वाचन क्षेत्र में आने वाले औंध-बोपोड़ी वार्ड के चिखलवाड़ी स्थित डॉ. बाबासाहब आंबेडकर हॉकी स्टेडियम के रुके हुए निर्माण कार्यों को जल्द गति मिलने वाली है। मनपा आयुक्त नवलकिशोर राम ने उपमहापौर परशुराम वाडेकर के अनुरोध पर मंगलवार को क्षेत्र के विभिन्न लंबित विकास कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हॉकी स्टेडियम सहित अन्य प्रमुख परियोजनाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य तत्काल प्रभाव से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मनपा आयुक्त ने मंगलवार को डॉ. आंबेडकर हॉकी स्टेडियम का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने औंध-बोपोड़ी वार्ड में आने वाले तथागत भगवान गौतम बुद्ध विपश्यना विहार, डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अध्ययन कक्ष एवं पुस्तकालय और हरीश ब्रिज के पास स्थित खुले मैदान का दौरा किया। आयुक्त ने विपश्यना विहार और हॉकी स्टेडियम के लंबित कार्यों की समीक्षा की और मौके पर ही अधिकारियों को आदेश दिया कि बिना किसी देरी के काम पूरे किए जाएं। साथ ही, उन्होंने हरीश ब्रिज के पास स्थित खाली जगह पर नागरिकों के लिए सुसज्जित उद्यान विकसित करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपमहापौर परशुराम वाडेकर के साथ स्थानीय नगरसेवक सनी निम्हण, नगरसेविका सपना छाजेड़, नगरसेविका भक्ति गायकवाड़, आरपीआई (शिवाजीनगर) के अध्यक्ष अविनाश कदम, ज्ञानेश्वर जाविर और बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इस अवसर पर उपमहापौर परशुराम वाडेकर ने कहा कि मनपा आयुक्त ने हमारी मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। मुझे पूरा विश्वास है कि जल्द ही इस दिशा में ठोस कार्रवाई होगी। निरीक्षण से यह उम्मीद जगी है कि औंध-बोपोड़ी वार्ड के रुके हुए प्रोजेक्ट अब तेजी से पूरे होंगे।

Created On :   25 Feb 2026 3:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story