Pune City News: पिंपरी-चिंचवड में पहली बार अपराधों में बड़ी गिरावट

पिंपरी-चिंचवड में पहली बार अपराधों में बड़ी गिरावट
पुलिस की सख्ती से मजबूत हुई कानून-व्यवस्था

भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड। पिंपरी-चिंचवड पुलिस आयुक्तालय के कार्यक्षेत्र में पिछले पांच वर्षों में पहली बार अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। यह जानकारी पुलिस आयुक्त विनय कुमार चौबे ने बुधवार को आयोजित पत्रकार परिषद में दी। उन्होंने दावा किया कि संगठित अपराध, अवैध धंधों, अवैध हथियारों और साइबर अपराधों के खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई के कारण शहर की कानून-व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत हुई है।

पुलिस आयुक्त चौबे के अनुसार, हाल के कालखंड में 45 संगठित आपराधिक गिरोहों से जुड़े कुल 213 आरोपियों पर मोक्का (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा 35 अपराधियों को एमपीडीए कानून के अंतर्गत हिरासत में लिया गया, जबकि 368 अपराधियों को पिंपरी-चिंचवड शहर से तड़ीपार किया गया। इन कठोर कदमों का सीधा असर अपराध दर में कमी के रूप में सामने आया है, जिसकी नागरिकों ने भी सराहना की है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में अवैध धंधों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया। इस दौरान 5,818 मामले दर्ज किए गए और करीब 16 करोड़ 37 लाख रुपये का माल जब्त किया गया। अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ 205 प्रकरण दर्ज कर 253 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 243 पिस्तौल और 395 कारतूस जब्त किए गए हैं।

साइबर अपराधों पर नियंत्रण को लेकर भी पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली है। इस श्रेणी में 215 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और साइबर ठगी के शिकार लोगों को 24 करोड़ 38 लाख रुपये की राशि वापस दिलाई गई है।

हत्या के मामलों की जानकारी देते हुए पुलिस आयुक्त ने बताया कि वर्ष 2024 में शहर में 85 हत्याएं हुई थीं, जबकि 2025 में यह संख्या घटकर 63 रह गई। इनमें से 62 मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया है। वाहन चोरी और लूट के मामलों में भी पुलिस की कार्यवाही प्रभावी रही है।

महिला सुरक्षा के संदर्भ में उन्होंने बताया कि शहर में 301 दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए हैं, जिन सभी का खुलासा कर लिया गया है। वहीं, 392 छेड़छाड़ के मामलों में से 382 मामलों की जांच पूरी कर ली गई है।

पिंपरी-चिंचवड शहर में अपराध पर बड़े स्तर पर नियंत्रण पाने में पुलिस को सफलता मिली है, ऐसा दावा पुलिस आयुक्त विनय कुमार चौबे ने किया। इस पत्रकार परिषद में उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शशिकांत महावरकर, सारंग आवाड और बसवराज तेली भी उपस्थित थे।

Created On :   7 Jan 2026 7:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story