- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- कौटुंबिक विवाद में पत्नी ने पति के...
Pune City New3s: कौटुंबिक विवाद में पत्नी ने पति के चेहरे पर उबलती चाय फेंकी

भास्कर न्यूज, पुणे। कोथरूड इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के चलते एक महिला ने अपने पति के चेहरे पर उबलती हुई चाय फेंक दी। इस घटना में पति गंभीर रूप से झुलस गया। पीड़ित की शिकायत पर कोथरूड पुलिस थाने में महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 27 वर्षीय युवक ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी उसकी 23 वर्षीय पत्नी है, जिससे उसका विवाह दो वर्ष पूर्व हुआ था। पीड़ित युवक निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत है और वह अपनी पत्नी के साथ पौड रोड क्षेत्र में रहता है। बीते कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच घरेलू कारणों को लेकर विवाद चल रहा था।
घटना बुधवार, 31 दिसंबर सुबह की है। शिकायतकर्ता युवक उस समय सो रहा था। सुबह करीब साढ़े दस बजे पत्नी ने उसे नींद से जगाया और उस पर सोने का नाटक करने का आरोप लगाया। इसके बाद दोनों के बीच मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर महिला ने गैस पर रखी उबलती चाय पति के चेहरे पर फेंक दी।
इस हमले में युवक के चेहरे पर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। कोथरूड पुलिस थाने में महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हवलदार एम. जी. दलवी मामले की आगे की जांच कर रहे हैं।
Created On :   1 Jan 2026 4:45 PM IST












