- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- आर्थिक विवाद में युवक का अपहरण,...
Pune City News: आर्थिक विवाद में युवक का अपहरण, निर्वस्त्र कर बेरहमी से पिटाई

भास्कर न्यूज, पुणे। कात्रज–कोंढवा रोड स्थित गोकुलनगर इलाके में आर्थिक लेनदेन के विवाद को लेकर 31 वर्षीय युवक का अपहरण कर उसके साथ अमानवीय अत्याचार किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा, पूरी घटना का वीडियो बनाया और पिस्तौल से गोली चलाकर उसकी हत्या करने की भी कोशिश की। इस मामले में येवलेवाड़ी पुलिस ने आयुष कामठे, अभि म्हस्के, अभि पाटील, मंगेश माने, कौशल उर्फ ऋषी मारे सहित चार अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता शुभम नितीन बेदरकर (31, निवासी कोंढवा) कार खरीद-फरोख्त का व्यवसाय करता है। उसने एक पोलो कार बेची थी, जिसकी मरम्मत बाकी थी। इसी दौरान उसका दोस्त आयुष कामठे कार लेकर बोपदेव घाट गया और वहां दुर्घटना कर बैठा। मरम्मत खर्च को लेकर विवाद बढ़ता गया।
31 दिसंबर की रात आयुष ने शुभम को मिलने बुलाया और उसे जबरन ब्रिजा कार में बैठाकर गोकुलनगर ले जाया गया। वहां मौजूद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और बाद में अंतुले नगर के खुले मैदान में ले जाकर निर्वस्त्र कर पीटा। इस दौरान पिस्तौल से गोली चलाकर हत्या का प्रयास किया गया।
घायल अवस्था में शुभम को घर के पास छोड़ दिया गया। बाद में येवलेवाड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। उसे ससून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Created On :   5 Jan 2026 8:11 PM IST












