- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- अटरा हत्याकांड का मुख्य आरोपी 49...
Satna News: अटरा हत्याकांड का मुख्य आरोपी 49 दिन बाद गिरफ्तार, 2 अब भी फरार, एसपी ने घोषित कर रखा था 10 हजार का इनाम

Satna News: नागौद थाना क्षेत्र के अटरा में डेढ़ महीने पहले एक व्यक्ति की हत्या और चार लोगों पर प्राणघातक हमले के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने अंतत: गिरफ्त में लेते हुए सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार का इनाम घोषित किया गया था, जबकि दो अन्य अब भी पकड़ से दूर चल रहे हैं।
ऐसे हुई थी वारदात---
गौरतलब है कि 26 दिसंबर 2025 की रात को द्वारिका सिंह पिता गिरिजा सिंह पटेल ४५ वर्ष, उनके भाई नत्थू सिंह ४० वर्ष, वीरेंद्र सिंह पिता बिहारी लाल ३५ वर्ष, भतीजा प्रहलाद उर्फ शंखू सिंह पिता कंछेदीलाल सिंह ३6 वर्ष और भांजा राहुल सिंह पिता भीष्म सिंह 20 वर्ष, खेत में पानी लगाने के बाद बगीचे में आग जलाकर हाथ सेक रहे थे, तभी अटरा सरपंच का पति पंकज उर्फ प्रागेन्द्र पुत्र रावेन्द्र सिंह 35 वर्ष भी अपनी बोलेरो से आया और गाड़ी खड़ी कर हाथ सेकने लगा। इसी बीच आरोपी पुरानी रंजिश को लेकर द्वारिका से गाली-गलौज शुरू कर दी, जिसका विरोध करने पर आरोपी ने अपने भाई अंकित सिंह, अमित सिंह, खुशीराम सिंह, कुशमेन्द्र सिंह, लवकुश सिंह, अनिल सिंह, कुंजीलाल सिंह, रामदुलारे सिंह, संदीप सिंह और हर्षित को फोन करके बुलाते हुए लाठी-डंडे, रॉड व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस घटना में पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, मगर मेडिकल कॉलेज रीवा में द्वारिका ने दम तोड़ दिया।
जबलपुर से लेकर यूपी तक काटी फरारी---
तब पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध करते हुए 72 घंटे में 8 आरोपियों को पकड़ लिया, लेकिन मुख्य आरोपी पंकज, अमित और अंकित फरार हो गए। तब एसपी हंसराज सिंह ने उनकी गिरफ्तारी के लिए 10 हजार का इनाम घोषित कर दिया। अंतत: डेढ़ महीने की खोजबीन के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी पंकज उर्फ प्रागेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ताला, मैहर, जबलपुर, प्रयागराज, वाराणसी और अयोध्या की तरफ छिपता फिर रहा था।
Created On :   13 Feb 2026 4:37 PM IST














