- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- पोर्टल में धान खरीदी की फर्जी...
Seoni News: पोर्टल में धान खरीदी की फर्जी एंट्री करने वाले 3 समूह पर हुई कार्रवाई

Seoni News: जिले में धान खरीदी में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जिन तीन महिला स्व-सहायता समूह ने धान खरीदे बिना पोर्टल पर खरीदी बता दी थी उन समूहों को प्रशासन ने खरीदी के काम से हटा दिया है। अब उनकी जगह दूसरे समूहों को मौका दिया जाएगा। हालांकि इसके लिए भी विभागीय कार्रवाई चल रही है। ज्ञात हो कि तीन समूहों ने फर्जी धान खरीदी की पोर्टल पर एंट्री कर दी थी। इस मामले में शिकायत हुई। अधिकारियों ने जांच की तो शिकायत सही पाई गई। इसके बाद उपार्जन समिति ने तीनों समूहों से खरीदी का काम छीन लिया है।
इन पर की गई कार्रवाई
बरघाट ब्लॉक के अंतर्गत माता रानी अजीविका स्व-सहायता समूह कारीरात के खरीदी केंद्र गुर्रापाठ , धनलक्ष्मी अजीविका स्व-सहायता समूह कारीरात के केन्द्र अरी (उसरी) और कुरई ब्लॉक के अंतर्गत मां वेणु अजीविका स्व-सहायता समूह बिहिरिया के केन्द्र खवासा में गड़बड़ी हुई। तीनों समूह ने बगैर सर्वेयर के गुणवत्ता परीक्षण करे और बगैर तौल के उपार्जन पोर्टल पर केन्द्र के लॉगिन से उपार्जन नीति के विपरीत आनलाइन पोर्टल पर धान खरीदी बता दी।
200 क्विंटल की खरीदी बताई
मां वेणु स्व सहायता समूह ने 99.60, मातारानी स्व सहायता समूह ने 50 क्विंटल और धनलक्ष्मी स्व सहायता समूह ने करीब 55 क्विंटल धान की पोर्टल पर एंट्री कर धान खरीदी बता दी थी, जबकि मौके पर धान नहीं थी। अधिकारियों ने जांच की तो शिकायत सही पाई गई थी। बताया गया कि जांच टीम आने के पहले ही केंद्र में धान के बोरे और ढेर रख दिए गए थे, लेकिन विभागीय टीम ने जांच की तो समूह की गड़बड़ी पकड़ में आ गई।
केंद्र देने को लेकर विवाद
मातारानी स्व-सहायता समूह को खरीदी से हटाने के बाद दूसरे समूह को काम देने के लिए विभागीय कार्रवाई करने गए अधिकारियों के सामने विवाद हो गया। बताया गया कि जिस समूह को हटाया गया था उससे जुड़े लोगों ने विवाद खड़ा कर दिया था। इधर, जानकारी के अनुसार जिले में अब तक 105 किसानों से 726.80 एमटी धान की खरीदी की जा चुकी है। 2379 किसानों ने स्लॉट बुक कर दिया है।
Created On :   8 Dec 2025 2:05 PM IST












