- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- कुरई थाना के धनौली गांव में सो रही...
Seoni News: कुरई थाना के धनौली गांव में सो रही महिला पर तेंदुए ने किया हमला

Seoni News: कुरई थाना के धनौली गांव में सोमवार की रात एक मकान में तेंदुआ घुस गया। तेंदुए ने सो रही एक महिला पर हमला कर दिया। हालांकि महिला सुरक्षित है। प्राप्त जानकारी के अनुसार धनौली ग्राम निवासी फुलवंता पति सूर्यकुमार शेेंद्रे (26) घर पर सो रही थी। परिवार के अन्य लोग भी थे। तभी रात में जंगल की ओर से आए तेंदुए ने महिला पर हमला कर दिया। घबराकर सभी लोग उठ गए और शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया। तेंदुए ने महिला के पैर में पंजा मार दिया।
एकजुट हो गए ग्रामीण
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुुट हो गए। जानकारी वन विभाग और पुलिस को दी गई। सूचना पर वन अमला पहुंचा। आसपास तेंदुए को तलाशा गया लेकिन तेंदुआ नजर नहीं आया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। दूसरे दिन भी वन अमले ने पुलिस की मौजूदगी में लोगों को सतर्क रहने की अपील की। ज्ञात हो कि गर्मी बढ़़ते ही पानी की समस्या के कारण वन्यजीव गांव की ओर चले आते हैं।
पूर्व में हो चुकी घटना
जिले में हिंसक वन्यप्राणियों के हमले की कई घटनाएं हो चुकी हैं। वन्यप्राणी भोजन-पानी की तलाश में गांव की ओर आ जाते हैं ऐसे में उनका सामना इंसानों से हो जाता है। हालांकि वन विभाग का कहना है कि समय-समय पर गांव में मुनादी कराई जाती है लोगों को समझाइश देकर भी सतर्क किया जाता है।
Created On :   23 April 2025 1:22 PM IST














