Seoni News: जबलपुर में होगी सिवनी के वाहनों की फिटनेस

जबलपुर में होगी सिवनी के वाहनों की फिटनेस
हैरत में बस-ट्रक मालिक, व्यावसायिक आटो व चार पहिया वाहनों को भी ले जाना होगा

Seoni News: जिले की बसों, ट्रकों सहित अन्य भारी वाहनों को फिटनेस सर्टिफिकेट पाने के लिए अब जबलपुर जाना होगा। इतना ही नहीं फिटनेस सर्टिफिकेट के लिए सिवनी के आटो, व्यावसायिक चार पहिया वाहनों व छोटे मालवाहक वाहनों को भी सिवनी से 150 किमी दूर जबलपुर ले जाना होगा। यह व्यवस्था केन्द्रीय परिवहन एवं सड़क मंत्रालय के फैसले के बाद 1 जनवरी से लागू भी कर दी गई है।

सिवनी स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में फिटनेस सर्टिफिकेट के आवेदन लेना बंद कर दिया गया है। इस फैसले से जिले के बस ऑपरेटर सहित ट्रक-डंपर मालिक सकते में हैं। उनके द्वारा इस फैसले को वापस लेने की मांग उठाई जा रही है।

10 हजार तक बढ़ेगा भार

बस ऑपरेटरों का आरोप है कि इस व्यवस्था को अचानक लागू किया जाना गलत है। पहले समय दिया जाना चाहिए था। उनका कहना है कि सिवनी की जो बसें जबलपुर तक संचालित हैं, उनका तो ठीक लेकिन अन्य बसों को जबलपुर ले जाने के लिए पहले परमिट बनवाना पड़ेगा। डीजल, टोल टैैक्स व डीजल का खर्च अलग वहन करना पड़ेगा।

फिटनेस सर्टिफिकेट के लिए जबलपुर बस ले जाने पर 10 हजार रुपए तक का भार बढ़ जाएगा। 10 साल तक पुराने ट्रक व बस का फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाने पर कुल 1200 रुपए फीस चुकाना पड़ रही है। वाहन को जबलपुर ले जाने पर इससे कई गुना ज्यादा खर्च वहन करना पड़ेगा।

जिले में व्यावसायिक वाहन

बस - 250

ट्रक - 2200

व्यवसायिक चार पहिया - 250

छोटे मालवाहक - 2500

आटो - 1000

प्राइवेट एजेंसी को दिया काम

बताया जा रहा कि केन्द्रीय स्तर से प्रदेश में व्यावसायिक वाहनों को फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने के लिए अलग-अलग प्राइवेट एजेंसी को काम दिया गया है। जबलपुर में यह काम किसी मनाली इंडस्ट्रीज को मिला है, जिसने वहां अपना आटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन(एटीएस) स्थापित कर लिया है। अकेले सिवनी ही नहीं नरसिंहपुर, दमोह, कटनी, डिंडोरी, मंडला व उमरिया के व्यावसायिक वाहनों को भी फिटनेस के लिए जबलपुर ले जाना होगा।

सिवनी में खोला जाए एटीएस

परिवहन विभाग से सिवनी में आटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन खोलने की मांग उठाई जा रही है, ताकि जबलपुर जाने में होने वाले अत्यधिक व्यय से बचा जा सके। हालांकि बताया जा रहा कि सिवनी में आटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन के लिए दो एजेंसियों ने आवेदन कर दिया है, लेकिन उनके आवेदन के संबंध में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

ट्रक/बस की फिटनेस फीस

10 साल तक पुराने वाहन पर - 1200

10 से 13 साल तक पुराने वाहन पर - 2000

13 से 15 साल तक पुराने वाहन पर - 6000

15 से 20 साल तक पुराने वाहन पर - 14000

20 साल से अधिक पुराने वाहन पर - 28000

इनका कहना है-

फिटनेस सर्टिफिकेट के लिए सिवनी से बस/ट्रक आदि व्यावसायिक वाहनों को जबलपुर ले जाने में अतिरिक्त व्यय करना होगा। पहले सिवनी में आटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन खोला जाना चाहिए था फिर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय से आवेदन प्रक्रिया बंद की जाना चाहिए थी।

- चंद्रभान ठाकुर, संचालक,

नंदन ट्रेवल्स

बस ऑपरेटरों पर मनमाने फैसले थोपे जा रहे हैं। यह फैसला वापस लेना चाहिए। सिवनी में आटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन खोला जाना चाहिए। जबलपुर जाकर फिटनेस सर्टिफिकेट प्राप्त करने में 10 हजार रुपए तक अतिरिक्त व्यय करना पड़ेगा। आटो वाले कैसे जबलपुर जाएंगे।

- तेजबलि सिंह, अध्यक्ष, प्राइवेट बस ऑनर्स एसोसिएशन, सिवनी

जबलपुर में आटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन खोले गए हैं। सिवनी स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में फिटनेस के आवेदन लेना बंद कर दिया गया है। इसके लिए सभी व्यावसायिक वाहनों को जबलपुर ले जाना होगा। इस संबंध में भारत सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है।

- देवेश बाथम, एआरटीओ, सिवनी

Created On :   8 Jan 2026 2:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story