- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- जहर मिला कोल्ड ड्रिंक पीने वाले...
Shahdol News: जहर मिला कोल्ड ड्रिंक पीने वाले महिला की हालत गंभीर, मोहल्ले में पसरा मातम

डिजिटल डेस्क,शहडोल। ऑन लाइन गेम और सट्टे की लत के कारण बर्बाद हुए गुप्ता परिवार ने जहां पिता-बेटी को खो दिया और पत्नी अस्पताल में जीवन-मौत से संघर्ष कर रही है, वहीं नाबालिग बेटा की हालत भी विछिप्तों जैसी हो चली है। मेडिकल कॉलेज में भर्ती उसकी मां राजकुमारी गुप्ता होश में आने के बाद बगल के बेड में बेटी-पति को तलाशने लगती है।
वहीं परिवार में अब अकेले बचे नाबालिग बेटा अनिकेत भी बार-बार बेहोश सा हो रहा है। उसे भरोसा ही नहीं कि पल भर में उसकी पूरी दुनिया ही उजड़ गई। उसने अपनी बहन का संस्कार तो किया लेकिन अपने पिता की चिता को मुखाग्नि नहीं दे पाया।
गौरतलब है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती के सत्यम वीडियो के पास निवासरत 40 वर्षीय शंकर गुप्ता ने मंगलवार शाम कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पत्नी राजकुमारी गुप्ता एवं पुत्री स्वाति गुप्ता 16 वर्ष को पिलाकर स्वयं भी पी लिया था। अस्पताल में उपचार के दौरान स्वाति और उसके पिता शंकर की मौत हो गई थी। पत्नी की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। शंकर जहर पीने से इसलिए बच गया था क्योंकि वह उस समय बाजार गया हुआ था।
22 लाख ले लिया था कर्ज
चर्चा है कि ऑन लाइन गेम व सट्टा में सब कुछ गंवा चुके मृतक शंकर ने 20-22 लाख का कर्ज ले रखा था। यह भी कहा जा रहा है कि जिन लोगों ने कर्ज दिया था, वे लगातार उसे परेशान कर रहे थे। हालांकि पुलिस को शुरुआती जांच में उसके घर से लिखित रूप से कुछ नहीं मिला है। कोतवाली टीआई राघवेंद्र तिवारी का कहना है कि हर पहलू की जांच की जाएगी।
अंकुश लगाने आज देंगे ज्ञापन
सामाजिक लोगों के अनुसार ऑन लाइन गेम सट्टा एक सामाजिक बुराई बनती जा रही है। लत पडऩे के बाद इससे जुड़े सरगनाओं द्वारा स्वत: ही 10-12 परसेंट के ब्याज पर बिना गारंटी रकम दिलाते रहते हैं। केसरवानी समाज के अध्यक्ष लक्ष्मण गुप्ता के अनुसार शहर में लगातार ऐसी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। जिसमें इस घटना की सूक्ष्मता से जांच करने की भी मांग की जाएगी।
Created On :   27 Feb 2026 3:40 PM IST









