Ganga Dussehra 2026: गंगा दशहरा पर 8 साल बाद बन रहा खास संयोग, जानिए स्नान का मुहूर्त और पूजा विधि

ऐसा माना जाता है कि, इस शुभ तिथि को गंगा नदी में डुबकी लगाने से हर तरह के पापों से मुक्ति मिलती है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हिंदू धर्म में गंगा दशहरा (Ganga Dussehra) का विशेष महत्व बताया गया है, जो कि हर वर्ष ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मनाया जाता है। लेकिन, इस वर्ष यह पर्व अधिकमास यानी पुरुषोत्तम मास में मनाया जाएगा। खास बात यह कि, ऐसा आठ साल बाद होगा और इस दिन वृषभ लग्न और हस्त नक्षत्र रहेगा। इसी नक्षत्र व लग्न में मां का अवतरण हुआ था। इसके अलावा इस दिन चार विशिष्ट योग और चार उत्तम मुहूर्त भी रहेंगे।

शास्त्रों के अनुसार, इस दिन धरती पर मां गंगा अवतरित हुई थीं। ऐसा माना जाता है कि, इस शुभ तिथि को गंगा नदी में डुबकी लगाने से हर तरह के पापों से मुक्ति मिलती है। गंगा दशहरा पर गंगा आदि पवित्र नदियों में स्नान दान पुण्य का विशेष महत्व बताया गया है। इस वर्ष गंगा दशहरा का पर्व 26 मई को मनाया जाएगा। आइए जानते हैं स्नान और पूजा का मुहूर्त और पूजा विधि....

गंगा दशहरा की तिथि और शुभ मुहूर्त

दशमी तिथि का आरंभ: 25 मई 2026, सोमवार की सुबह 8 बजकर 02 मिनट से लगेगी

दशमी तिथि समापन: 26 मई 2026, मंगलवार की सुबह 7 बजकर 40 मिनट तक

पूजा का शुभ मुहूर्त

ब्रह्म मुहूर्त (स्नान के लिए): सुबह 4 बजकर 04 मिनट से सुबह 4 बजकर 45 मिनट तक

अभिजीत मुहूर्त (पूजा के लिए): सुबह 11 बजकर 51 मिनट से दोपहर 12 बजकर 46 मिनट तक

कैसे करें पूजा?

- गंगा दशहरा के दिन गंगा नदी में स्नान करें संभव ना हो तो किसी पवित्र नदी में स्नान करें।

- इसके बाद मां गंगा का ध्यान करके उनकी पूजा करें, उनके मन्त्रों का जाप करें।

- पूजन में जो सामग्री प्रयोग करें, उनकी संख्या 10 रखें, खास तौर पर दीपक की संख्या दस हो।

- इस दिन घी में चुपड़े हुए तिल और गुड़ को या तो जल में डालें या पीपल के नीचे रखें।

- पूजन के बाद दस ब्राह्मणों को दान भी करें, लेकिन ध्यान रहे उन्हें दिए जाने वाले अनाज सोलह मुट्ठी होने चाहिए।

- मां गंगा के मन्त्रों का जाप करें।

- पूजा के अंत में मां गंगा की आरती करें।

- इस दिन दान अवश्य करें।

डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।

Created On :   23 May 2026 5:20 PM IST

Tags

Next Story