Sillod News: ट्रक के अचानक ब्रेक लगे और पीछे से आ टकराई बाइक - दो दर्दनाक मौत, ड्यूटी खत्म कर लौट रहे थे घर

ट्रक के अचानक ब्रेक लगे और पीछे से आ टकराई बाइक - दो दर्दनाक मौत, ड्यूटी खत्म कर लौट रहे थे घर
  • होटल बंद कर घर लौट रहे थे मैनेजर और वेटर
  • ट्रक के पीछे से आ टकराई बाइक

Sillod News. तहसील के चिंचखेड़ा गांव के पास छत्रपति संभाजीनगर-जलगांव महामार्ग पर सोमवार रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक (एमएच 16 सीसी 4945) के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही मोटरसाइकिल उससे जा टकराई। भीषण टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रात करीब 11:30 बजे चिंचखेड़ा स्थित होटल प्रीति के सामने हुआ।

ड्यूटी खत्म कर लौट रहे थे घर

मृतकों की पहचान कैलाश सखाराम मगर (37) और संजय बारीकराव खटाल (38) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम निल्लोड़ के निवासी थे। कैलाश, भवन स्थित गुरु होटल में पिछले दस वर्षों से मैनेजर के पद पर कार्यरत थे, जबकि संजय वहीं वेटर के रूप में काम करते थे।

सोमवार रात रोज की तरह होटल बंद कर दोनों अपनी मोटरसाइकिल (एमएच 20 एफएच 1413) से निल्लोड़ लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।


अधूरा रह गया नए घर का सपना

इस दुर्घटना से कैलाश मगर के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार, कैलाश ने कड़ी मेहनत से नया घर बनवाया था और अगले महीने गृह प्रवेश (वास्तुशांति) का कार्यक्रम तय था। नए घर में प्रवेश का उनका सपना अधूरा ही रह गया। कैलाश के परिवार में पत्नी, एक बेटा, एक बेटी और पिता हैं। वहीं संजय खटाल के परिवार में पत्नी, दो बच्चे और मां हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Created On :   25 Feb 2026 6:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story